मासिक साधना उपयोगी तिथियाँ

व्रत त्योहार और महत्वपूर्ण तिथियाँ

25 फरवरी - माघी पूर्णिमा
03 मार्च - रविवारी सप्तमी (शाम 06:19 से 04 मार्च सूर्योदय तक )
06 मार्च -
व्यतिपात योग (दोपहर 14:58 से 07 मार्च दिन 12:02 मिनट तक)
08 मार्च - विजया एकादशी (यह त्रि स्पृशा एकादशी है )
09 मार्च - शनि प्रदोष व्रत
10 मार्च - महा शिवरात्री (निशीथ काल मध्यरात्री 12:24 से 01:13 तक )
11 मार्च - सोमवती अमावस्या (
सूर्योदय से रात्री 1:23 तक )
11 मार्च - द्वापर युगादी तिथि
14 मार्च - षडशीति संक्रांति (पुण्यकाल शाम 4:58 से
सूर्योदय तक)
19 मार्च - होलाष्टक प्रारम्भ
20 मार्च - बुधवारी अष्टमी (
सूर्योदय से दोपहर 12:12 तक)
23 मार्च - आमलकी एकादशी
24 मार्च - प्रदोष व्रत
26 मार्च - होलिका दहन
27 मार्च - धुलेंडी , चैतन्य महाप्रभु जयंती
29 मार्च - संत तुकाराम द्वितीय
30 मार्च - छत्रपति शिवाजी जयन्ती

रविवार, 16 सितंबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 14


तेईसवाँ सर्ग
प्राणियों के पुण्य और पाप के बल  उत्कृष्ट अपनी चेष्टाओं द्वारा प्राणियों से कर्म करा रहे काल का वर्णन।
इस प्रकार भोग्य श्री, भोगतृष्णा और भोगकाल के बाल्यावस्था, युवावस्था और वृद्धावस्था के दोषों का विस्तारपूर्वक वर्णन कर और ये अन्त में केवल असीम दुःख के ही कारण होते हैं, ऐसा उपादान कर श्रीरामचन्द्रजी ने ऐहिक और परलौकिक पदार्थ और उनके फलों में अपना वैराग्य दर्शाया। अब काल आदि के स्वभाव के वर्णन द्वारा नित्य और अनित्य पदार्थों का विवेक दर्शाने के लिए भूमिका बाँधते हैं।
श्रीरामचन्द्रजी ने कहाः ब्रह्मन, मेरी यह भोग्य वस्तु है, मैं इसका भोग करने वाला हूँ, ये भोग के उपकरण हैं, इस उपकरण से (साधन से) इस वस्तु को हस्तगत कर मैं चिरकाल तक इसका भोग करूँगा, मेरा यह मनोरथ आज पूर्ण हो गया, मुझे आशा है कि इस दूसरे मनोरथ को भी मैं शीघ्र प्राप्त कर लूँगा इत्यादि असंख्य मानसिक संकल्पविकल्पों द्वारा अनन्त व्यावहारिक वचनों से पूर्ण एवं तुच्छ शरीर में आत्मबुद्धि करने वाले या अल्प वैषयिक सुख में पुरुषार्थ-बुद्धि करने वाले मूढ़ों ने शत्रु, मित्र, उदासीन आदि भेदों से, हेय, उपादेय और उपेक्षणीय आदि भेदों से और तत्प्रयुक्त राग-द्वेषादि भेदों से संसाररूपी छिद्र में अन्यथाग्रहरूपी भ्रम को दुश्चछेद्य बना दिया है।।1।। जाल के समान दूर से ही आकृष्ट कर बाँधने वाले विषयों तथा पिंजड़े के समान परिच्छिन्न स्थान में बाँधने वाले देह के समूह रूप इस अवस्तुभूत संसार के प्रति विवेकियों को कैसे आदर हो सकता है ? दर्पण में प्रतिबिम्बित फल को खाने की इच्छा करना मूर्खता है, वैसे ही अवस्तुभूत इस संसार में आस्था करना मूर्खता ही है।।2।। इस तृण के सिरे से कुएँ में लटक रहे मकड़ी के जाले को चूहा पूर्णतया काट देता है वैसे ही, निःशेषरूप से काट देता है।।3।। जैसे बडवाग्नि चन्द्रोदय आदि से उमड़े हुए समुद्र को नष्ट करती है, वैसे ही इस संसार में उत्पन्न हुई ऐसी कोई भी वस्तु नहीं है, जिसे वह सर्वभक्षी काल भी प्रत्येक वस्तु को निगलता है।।4।। भयंकर रूद्ररूपी काल सर्वसाधारणरूप से इस सम्पूर्ण दृश्य प्रपंच को निगलने के लिए सदा उद्यत रहता है। असंख्य ब्रह्माण्डों को अपने उदरस्थ करने के कारण सर्वात्मता को प्राप्त हुआ, यह काल बल, बुद्धि और वैभव आदि से महान् भूतों के लिए एक क्षणभर भी नहीं ठहरता अर्थात् सबको तुरन्त नष्ट कर देता है।।5,6।। युग, वर्ण और कल्प नाम क्रियोपाधिक (क्रिया द्वारा प्राप्त) रूपों से काल अंशतः ही प्रकट है, उसका वास्तविक रूप कोई नहीं देख सकता। वह संसार की सम्पूर्ण वस्तुओं को अपने वश में करके बैठा है।।7।। जैसे गरुड़ साँपों को निगल जाता है, वैसे ही काल भी जो अनुपम रूप से सम्पन्न थे, जो पुण्यात्मा थे और जो सुमेरु पर्वत के समान गौरवान्वित थे, उन्हें हड़प कर गया। यह काल बड़ा निर्दय, पत्थर के समान कठोर, बाघ आदि के समान क्रूर आरे के तुल्य कर्कश, कृपण और अधम है। आज तक ऐसी कोई वस्तु नही देखीं गई, जिसे इस काल ने अपने गाल में न समा लिया हो।।8,9।। इसका चित्त सदा निगलने में ही लगा रहता है, यह एक को निगलता हुआ दूसरे को निगलता है। असंख्य लोग उसके उदर में समा चुके हैं, पर यह ऐसा पेटू है कि इसे तृप्ति ही नहीं हुई अर्थात् अब भी यह अपने उसी स्वाभाविक वेग से जीवों को लगातार निगलता जा रहा है।।10।। जैसे ऐन्द्रजालिक अपने विविध खेलों को आरम्भ करता है, उनका अन्त कर डालता है, उनको बिगाड़ देता है, कोई खाद्य पदार्थ बनाकर उसे खा जाता है और बरबाद कर देता है, वैसे ही यह काल भी अपने विविधरूपवाले संसाररूपी नृत्य को आरम्भ करता है, बन्द कर देता है, बिगाड़ देता है, खा जाता है और नष्ट कर देता है अर्थात् धन सम्पत्ति आदि में जो कुछ भी हरण, नाश, व्यय आदि होते है, उन सबको हरणकर्त्ता, नाशकर्त्ता आदि के रूप से स्थित काल ही करता है, दूसरा नहीं।।11।। जैसे तोता दाड़िम के फल को तोड़कर उसके भीतर के बीजों को खा जाता है, वैसे ही यह काल भी इस जगत् में व्याकृतावस्था में स्थित भूतों को (जरायुज, अण्डज, स्वेदज और उद्भिज्ज भेद से चार प्रकार के प्राणियो को) नाश द्वारा असत् बनाकर, तोड़-मरोड़कर खा जाता है।।12।। शुभ और अशुभ (पुण्य और पाप) रूप दाँतों से मनुष्यरूपी पत्तों को छिन्न भिन्न करने वाला अभिमानपूर्ण जनता के जीवसमूहरूपी महाअरण्य में रहने वाला गजरूप यह काल बड़े जोर से चिंघाड़ता है अर्थात् जैसे महाअरण्य में रहने वाला और अपने दाँतों से वृक्षों के पत्तों को छिन्न भिन्न करने वाला हाथी जोर से दहाड़ मारता है, वैसे ही पुण्य पापरूपी अपने दाँतों से प्राणियों को चबा डालने वाला और दर्पपूर्ण जनता के जीवसमूहरूपी महाअरण्य का यह गज यह बड़े जोर से दहाड़ता है, गरजता है।।13।। अपंचीकृत पंचभूतों से उत्पन्न ब्रह्माण्डरूपी महान् और देवतारूपी फलों से युक्त वृक्षों से पूर्ण (अर्थात् ब्रह्मरूपी वन में अपंचीकृत पंचभूतों से उत्पन्न अनेक ब्रह्माण्ड ही महान वृक्ष हैं, और देवता ही ब्रह्माण्डरूपी महावृक्षों के फल हैं) और मायिक जगत् रूप से युक्त (सप्रपंच) ब्रह्मरूपी महावन को (दुस्तर होने के कारण ब्रह्म को महावन कहा) पूर्णरूप से आवृत्त करके (ढँककर) यह काल बैठा है, क्योंकि काल के उदर में ही सब वस्तुओं की उत्पत्ति, स्थिति और विनाश देखा जाता है, यह भाव है।।14।। यह काल रात्रिरूपी भँवरों से चारों ओर व्याप्त और दिनरूपी मंजरियों से शोभित वर्ष, कल्प (ब्रह्मा का दिन) और कालरूपी(♥) लताएँ बराबर बनाता रहता है पर इसे कभी कुछ भी परिश्रम नहीं होता, जिससे कि यह अपने व्यापार से विरत हो।।15।।
♥ 18 निमेष की एक काष्ठा, 30 काष्ठा की एक कला, 20 कला का 1 क्षण, 12 क्षण का 1 मुहूर्त, 30 मुहूर्त का एक अहोरात्र (रात्रि-दिन) इस प्रकार आजकल के मान से एक कला = 2/15 मिनट या 8 सेकेण्ड है।
मुनिवर, यह काल धूर्तों का सिरताज है, इसे कितना ही तोड़ो पर यह टूटता नहीं, जलाने पर जलता नहीं और दृश्य होने पर भी स्वरूप से नहीं दिखाई देता इसकी धूर्तता की सीमा नहीं है।।16।। सर्वव्यापक यह काल मनोराज्य के अनुरूप है। जैसे मनोराज्य एक पलक में किसी वस्तु के स्वरूप को हूबहू खड़ा कर देता है और किसी को बिल्कुल विनष्ट कर डालता है, वैसे ही यह काल भी एक ही पलक में किसी वस्तु को सर्वांगपूर्ण बनाकर खड़ा कर देता है और किसी वस्तु को निःशेष विनष्ट कर देता है, इसलिए इन दोनों में कोई अन्तर नहीं है।।17।। यह काल अपने दुर्विलासों में विलास करने वाली प्राणियों के कष्ट से ही परिपुष्ट हुई चेष्टारूपी भार्या द्वारा भौतिक देह, इन्द्रिय आदि द्रव्यों में तादात्म्याध्यास होने के कारण अपने वास्तविक स्वरूप को न जानने वाले जीव को स्वर्ग और नरक में घुमा रहा है। यह काल बड़ा पेटू है, इसको सदा अपने पेट भरने की ही चिन्ता रहती है, चाहे तिनका हो, चाहे धूलि हो, चाहे इन्द्र हो, चाहे सुमेरु हो, चाहे पत्ता हो, सभी को अपने आधीन करने के लिए निगलने के लिए उद्यत रहता है।।18,19।। यह काल इतना क्रूर है मानों संसारभर की सम्पूर्ण क्रूरता इसी में कूट-कूट कर भरी गई है, यह लोभी इतना है कि संसारभर की लुब्धता इसे अपना घर बनाये है, सम्पूर्ण दुर्भाग्यों का यह आगार है और दुःसह चपलता भी इसी में है अर्थात् यह सबसे अधिक क्रूर बेजोड़ लोभी, नितान्त अभागा और महाचपल है।।20।। जैसे बालक अपने आँगन में खेल के गेंदों को बारबार उछालता है, वैसे ही यह क्रूरतम काल खेल के (मन बहलाव) लिए सूर्य और चन्द्रमा को आदेश देकर आकाश में मानों खेलता है।।21।। प्रलयकाल में यह काल सब प्राणियों को नष्टकर और अपने शरीर को उनकी (सब प्राणियों की) हड्डियों की मालाओं से पैर तक ढाँककर खूब शोभित होता है।।22।। प्रलय के समय निरंकुश चरित्रवाले इस काल के अंगों से निकले हुए वायुओं से विशाल सुमेरू पर्वत भूर्जपत्र के समान आकाश में फड़फड़ाता है अर्थात् चारों ओर से टूटने फूटने लगता है। बात यह है कि जैसे वायु से अतिकोमल भूर्जपत्र फटकर नष्ट हो जाता है, वैसे ही इस निरंकुशशिरोमणि के शरीर से निर्गत वायुओं से विशालतम सुमेरू पर्वत आकाश में उड़कर विशीर्ण हो जाता है।।23।। यह काल रूद्र का रूप धारण कर महेन्द्र का रूप धारण करता है, फिर ब्रह्मा का रूप धारण करता है, फिर इन्द्र होता है और फिर कुबेर होता है, और अन्त में कुछ भी नहीं अर्थात् पर्यवसित हो जाता है।।24।। जैसे सदा परिपूर्ण सागर रात-दिन अपने में विलीन कर देता है, वैसे ही तत्परतापूर्वक रात दिन अन्य की नई-नई सृष्टियों को करता हुआ यह काल पूर्व की अति दैदीप्यमान सृष्टियों को नष्टकर देता है।।25।। यह काल महाकालरूपी वृक्षों से देवता, मनुष्य और राक्षसरूपी पके हुए फलों को गिरा रहा है।।26।। यह काल प्राणिरूपी बहुत छोटे छोटे मच्छरों से धुम्, धुम् ऐसा शब्द कर रहे और शीघ्र गिरने वाले ब्रह्माण्डरूपी गूलर के फलों का बड़ा भारी वृक्ष है अर्थात् जैसे छोटे छोटे मच्छरों से गूँज रहे शीघ्र गिरने वाले गूलर के फल गूलर के पेड़ में होते हैं, वैसे ही प्राणियों के शब्दों से गूँज रहे और शीघ्र गिरने वाले ब्रह्माण्डरूपी फलों का आश्रयभूत वृक्ष है, वैसे ही उक्त ब्रह्माण्डों का उत्पादक यह काल है, यह भाव है।।27।। तत्-तत् प्राणियों के शुभाशुभक्रिया (पुण्य-पाप) रूप प्रियतमा से युक्त काल सब के अधिष्ठानभूत चित्तरूप (चैतन्यरूप) चाँदनी के केवल सन्निधान से प्रकट हुई जगत की सत्तारूपी कुमुदिनीयों से प्राणियों की क्रियारूप अपनी स्त्री अपने अद्वितीय स्वरूप को विनोदित करता है। विहारकौतुक से कालयापन ही विनोद है। यहाँ पर काल ही विहार करने वाले है। विहार करने वाला काल जिस काल का यापन करे ऐसादूसरा काल प्रसिद्ध नहीं है, अतः स्वशरीर को ही विनोदित करता है, यह भाव है।।28।। जैसे महापर्वत (हिमालय) पृथिवी में पूर्व और उत्तर की सीमा से शून्य प्रदेश में स्थित अपने शरीर का अवलम्बन करके खड़ा है वैसे ही यह काल भी अपरिच्छिन्न, आदि-अन्तरहित ब्रह्म में प्रतिष्ठित अपने स्वरूप का अवलम्बन करके स्थित है।।29।। यह काल कहीं पर (रात्रि आदि काले पदार्थों में) काल अन्धकार के तुल्य श्यामल, कहीं पर (दिन, चाँदनी, मणि आदि प्रकाशमान पदार्थों में) कान्ति से परिपूर्ण औऱ कहीं पर (भण्डार और भीत आदि में) अन्धकार और कान्ति से शून्य अपने कार्य को करता हुआ स्थित है। विलीन हुए असंख्य प्राणिपूर्ण संसारों के सारभूत और सबका आधार होने से अत्यन्त भार से युक्त अपने स्वरूप से पृथिवी के समान ऐसा स्थित है कि इसकी जड़ कभी हिल नहीं सकती।।30,31।। सैंकड़ों महाकल्पों से न तो इसे खेद होता है, न प्रसन्नता होती है, न यह आता है, न जाता है, न अस्त को प्राप्त होता है और न उदित होता है। यह काल अत्यन्त अनादरपूर्वक जगत् की रचनारूप लीला से अहंकार रहित और सर्वत्र व्याप्त अपनी आत्मा का पालन करता है, उसका विनाश कभी नहीं करता।।32,33।। यह काल लगातार रात्रि रूपी पंक से उत्पन्न हुई और मेघरूपी भँवरी से युक्त दिनरूपी लाल कमलों की श्रेणी का अपने आत्मरूपी तालाब में रोपण करता रहता है।।34।। यह लोभी काल पुरानी सम्मार्जनी (बुहारी) रूपी काली रात्रि को लेकर कनकाचल के (सुमेरू के) चारों ओर उससे गिरे हुए आलोकरूपी सुवर्ण के कणों को बटोरता रहता है। एक बार झाड़ू से बटोरने पर बहुत सा सुवर्ण मिलने पर भी यह सन्तुष्ट नहीं होता और लोभी इतना बड़ा है कि नई सम्मार्जिनी भी नहीं ले सकता, यह भाव है।।35।। लोभी होने के  कारण ही कार्यरूपी उँगली से दिशाओं के कोनों में सूर्यरूपी दीपक ले जाता हुआ यह काल जगतरूपी घर में कहाँ पर क्या है ? यह देखता है।।36।। दिनरूपी पलकों से युक्त सूर्यरूपी नेत्र से ये बहुत अच्छी तरह पक गये हैं, यह देखकर जगतरूपी पुराने वन से यह लोकपालरूपी फलों को तोड़कर खाता है।।37।। जगतरूपी पुराने झोंपड़े में प्रमाद से इधर-उधर गिरे हुए गुणवान जनरूपी मणियों को यह काल महान् उदरवाले मृत्युरूपी सन्दूक में क्रमशः डालता है।।38।। जो जनरूपी रत्नावली गुणों से (सूत्रों से) अत्यन्त पूर्ण हो जाती है, मानों अलंकार के लिए उसको अपने अवयवरूप सत्य, त्रेता आदि युगों में रखकर फिर उन्हें नष्ट कर देता है।।39।। यह चंचल काल बीच-बीच में दिनरूपी हंसों से गुँथी हुई तारारूपी केसर से पूर्ण रात्रिरूपी नीलकमलों की माला को पाँच ऋतुरूपी अंगुलियों से युक्त वर्षरूपी हाथ के प्रकोष्ठ में कंकण के समान नित्य धारण करता है।।40।। पर्वत, समुद्र, द्युलोक और पृथिवीरूप चार श्रृंगवाले जगतरूपी भेड़ों का हिंसक यह काल आकाशरूपी आँगन में बिखरे हुए तारारूपी रक्त के बिन्दुओं को भी देखकर प्रतिदिन उन्हें चाटता है।।41।। यह काल यौवनरूपी कमलिनी के लिए चन्द्रमारूप और आयुरूपी गज के लिए सिंहस्वरूप है। इस संसार में अत्यन्त तुच्छ या महान् ऐसी वस्तु नहीं है, जिसका कि यह काल नाश न करता हो।।42।। जैसे जीव सुषुप्तिकाल में सब दुःखों का संहाकर अज्ञानमात्र के अवलम्बन से स्थिति करता है, वैसे ही जिसने जन्तुओं को पीसकर मृत्यु के मुँह में गिरा दिया है, ऐसे प्रलयरूपी क्रीड़ा के विलास से पदार्थों का अभावरूप यह काल भी अज्ञानावभासक अपने अधिष्ठानभूत ब्रह्म चैतन्य का अवलम्बन कर आत्मभूत उसी में रमण करता है उसके पृथक नहीं होता। इस प्रकार प्रलयकाल में विश्राम लेकर यह काल ही फिर सृष्टिकाल में संसार का कर्त्ता, भोक्ता, संहारक, स्मर्ता आदि सब पदार्थों के स्वरूप को प्राप्त हुआ है अर्थात् यह स्वयं ही कर्त्ता, भोक्ता, संहारक, सुभग, दुर्भग आदि बना है।।43,44।। बुद्धिकौशल से इस काल के रहस्य का किसी ने निश्चय नहीं कर पाया है, पुण्य फल के उपभोग के अनुकूल सुन्दर रूप और पाप फल के भोग के अनुरूप कुरूप को धारण करने वाले सम्पूर्ण शरीरों की सहसा सृष्टि, रक्षा और संहार करता हुआ यह प्रदीप्त हो रहा है। इस संसार के सम्पूर्ण जीवों में काल सबसे अधिक बलवान हैं।।45।।

तेईसवाँ सर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

शनिवार, 15 सितंबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 13



बाईसवाँ सर्ग 
शोक, मोह, इष्टवियोग का दुःख, रोग आदि से परिपूर्ण तथा चिन्ता और तिरस्कार के घर वृद्वावस्था की निन्दा।
युवावस्था में काम आदि दोष बड़े प्रबल रहते हैं, इसलिए युवक को भले ही सुख न हो, किन्तु वृद्धावस्था में काम आदि दोषों के शान्त हो जाने पर एवं विनीत पुत्र, पौत्र आदि द्वारा घर में सेवा होने पर वृद्ध को अति आनन्द होता है, ऐसी शंका कर वृद्धावस्था में अनन्त दुःखों का विस्तार से वर्णन करने की इच्छा से पहले 'अपने बच्चों का नाश करने वाले साँपों को दूसरे के बच्चों पर दया कैसे हो सकती है' इस न्याय से वृद्धावस्था अति कठोर है, यह कहते हैं।
खेल-कूद कौतूहल आदि की अभिलाषा के पूर्ण न होने पर ही युवावस्था आकर जबर्दस्ती बाल्यावस्था को निगल जाती है, तदुपरान्त स्त्रीसंभोग आदि की इच्छा की पूर्ति न होने पर ही वृद्धावस्था आकर युवावस्था को स्वाहा कर देती है अतः इन दोनों की (युवावस्था और वृद्धावस्था की) परस्पर कठोरता को देखिये अर्थात् उसी शरीर में होने वाली बाल्यावस्था को यौवन निगल गया अतएव यौवन कठोरतर हुआ, उक्त कठोरतर यौवन को निगलने वाली वृद्धावस्था कठोरतम न होगी तो क्या होगी ?।।1।।
पामर लोगों के परम प्रेमपात्र विषयसुख के गृहभूत शरीर को ही जो वृद्धावस्था नष्ट-भ्रष्ट कर देती है, उसमें सुख की आशा कहाँ ?
जैसे तुषाररूपी वज्र कमलों को नष्ट-भ्रष्ट कर देता है, जैसे आँधी शरदऋतु की ओस को (पत्तों के सिरे पर लटक रहे जलकण को) नष्ट कर देती है और जैसे नदी तटके वृक्ष को उखाड़ देती है, वैसे ही वृद्धावस्था शरीर को नष्ट कर डालती है।।2।। यदि विष का छोटा सा टुकड़ा खा लिया जाय, तो वह जैसे थोड़ी देर में ही देह को कुरूपकर देता है, वैसे ही अंग-प्रत्यंग को शिथिल करने वाली एवं वृद्धकेसे स्वरूप वाली वृद्धावस्था देह को शीघ्र (आते ही) कुरूप कर देती है। यदि वृद्धावस्था स्वयं वृद्धरूप न होती तो अन्यों को वृद्धरूप कैसे करती, ऐसे तर्क करके लोक में जरठरूपिणी कहा है।।3।। जिनके सब अंग शिथिल और छिन्न भिन्न हो गये हैं, और वृद्धावस्था से शरीर जर्जरित हो गया है, ऐसे सभी पुरुषों को स्त्रियाँ ऊँट के समान समझती हैं।।4।। अनायास दीनता को प्राप्त कराने वाली वृद्धावस्था जब मनुष्य को पकड़ती है तब सौत से तिरस्कृत (पिटी गई) स्त्री के समान बुद्धि भागकर कहीं अन्यत्र चली जाती है।।5।। नौकर-चाकर, पुत्र, स्त्रियाँ, बन्धु-बान्धव और सगे सम्बन्धी सभी लोग वृद्धावस्था से काँप रहे मनुष्य को घृणित उन्मत पुरुष की नाईं उपहास करते हैं।।6।। जैसे गीध फलयुक्त शाखा और टहनियों के फैलाव के कारण अन्य पक्षियों के आक्रमण से रहित अति उन्नत पुराने वृक्ष पर आता है, वैसे ही कुरूप, वृद्ध, गुण और सामर्थ्य से शून्य अतएव दीन वृद्ध पुरुष में बड़ी अभिलाषा आती है।।7।। दीनतारूपी दोष से परिपूर्ण, हृदय में सन्ताप पहुँचाने वाली और सम्पूर्ण आपत्तियों की एकमात्र सहचरी बड़ी भारी तृष्णा वृद्धावस्था में बढ़ती जाती है।।8।। खेद है, परलोक में मैं क्या करूँगा, इस प्रकार का अतिभीषण भय, जिसका कोई प्रतीकार नहीं हो सकता, वृद्धावस्था में बढ़ता जाता है।।9।। हे महर्षे, मैं कौन हूँ, बड़ा दुःखी-दीन हूँ, मैं क्या करूँ, कैसे करूँ, अच्छा चुपचाप मौन ही रहूँ, ऐसी दीनता वृद्धावस्था में प्राप्त होती है अर्थात् वृद्धावस्था में मैं दुःखी हूँ, मैं अकर्मण्य हूँ, मैं नितान्त हेय और तुच्छ हूँ, मैं क्या करूँ, मुझ में सामर्थ्य ही क्या है, किस प्रकार मैं अपना जीवन निर्वाह करूँ, मेरा बोलने से क्या प्रयोजन है, अच्छा, मैं मौन ही रहता हूँ, इत्यादि प्रकार की दीनता उदित होती है।।10।। वृद्धावस्था में अपने आत्मीय जनों से मुझे किस प्रकार कब कुछ स्वादिष्ट भोजन प्राप्त होगा, ऐसी चिन्तारूपी दूसरी जरा सदा चित्त को जलाती रहती है।।11।। वृद्धावस्था में भोजन की शक्ति होने पर पचाने की अशक्ति, पचाने की शक्ति होने पर भोजन की अशक्ति इत्यादि शक्तिह्रास से भोग की इच्छा तो बड़ी प्रबल हो उठती है, पर उपभोग नहीं किया जा सकता और हृदय सदा जलता रहता है।।12।। मुनिवर, जब विविध दुःखों से शरीर का अपकार करने वाली, रोगरूपी साँपों से व्याप्त वृद्धावस्थारूपी जीर्ण बगुली शरीररूपी वृक्ष की चोटी पर बैठकर बासती है, उसी समय निबिड़ मूर्च्छारूपी अन्धकार को चाहने वाला मृत्युरूपी उल्लू झटपट कहाँ से आया हुआ ही दिखाई देता है।।13,14।। जैसे सायंकाल की सन्ध्या के उत्पन्न होने पर अन्धकार उसके पीछे दौड़ता है अर्थात् सायंकाल होने के बाद अन्धकार इधर-उधर व्याप्त हो जाता है, वैसे ही शरीर में वृद्धावस्था को देखकर ही काल लेने के लिए समीप में दौड़ कर आता है।।15।। मुनिश्रेष्ठ वृद्धावस्था से कपास की नाईं फूले हुआ (सफेद केश और मूँछ-दाढ़ी से युक्त) देहरूपी वृक्ष को दूर से ही देखकर कालरूपी बन्दर बड़े वेग से  उसकी और दौड़ता है अर्थात् जैसे फूलों से युक्त वृक्ष को दूर से ही देखकर बन्दर उसकी ओर दौड़ता है, वैसे ही वृद्धावस्था से सफेद हुए शरीर की ओर काल दौड़ता है।।16।। निर्जन नगर की यथा कदाचित् कुछ शोभा हो भी सकती है, जिसकी सब लताएँ कट चुकी है, वह वृक्ष भी कुछ शोभित हो सकता है, अनावृष्टि से पीड़ित देश की भी कुछ न कुछ शोभा हो सकती है, मगर वृद्धावस्था से जर्जरित शरीर की कुछ भी शोभा नहीं है, अर्थात् वह इन सब दृष्टान्तों से बढ़कर अभद्र है।।17।। जैसे शब्द करने वाली गृधी (गीध की स्त्री) निगलने के लिए ही शीघ्र मांस के टुकड़े को पकड़ लेती है, वैसे ही खाँसीरूप शब्द करने वाली वृद्धावस्था मनुष्य को निगलने के लिए ही वेग से पकड़ लेती है।।18।। जैसे बालिका उत्सुकता के साथ देखकर और सिर पकड़कर कमल के फूल को तोड़ लेती है, वैसे ही वृद्धावस्था भी बड़ी उत्सुकता के साथ देखकर और सिर पकड़कर देह को काट देती है, नष्ट कर देती है।।19।। जैसे धूलि के कणों से कठोर और सी-सी कार कराने वाली (सी-सी शब्द कराने वाली) शिशिर ऋतु के तेज वायु वृक्ष के पत्तों को धूलि से ध्वस्त कर छिन्न-भिन्न कर देती है, वैसे ही शरीर में कम्प कराने वाली रूसी से कठोर यह वृद्धावस्था शरीर को नष्ट कर देती है।।20।। वृद्धावस्था से तहस-नहस और जर्जरित शरीर तुषार (हिम) के कणों से व्याप्त अतएव म्लान (मुरझाये हुए) कमल की समानता को धारण करता है अर्थात् जैसे हिम समूह से आक्रान्त कमल मुरझा जाता है वैसे ही वृद्धावस्था से आक्रान्त शरीर भी जीर्ण-शीर्ण हो जाता है।।21।। यह वृद्धावस्थारूपिणी चाँदनी सिररूपी पर्वत के शिर से उदित होते ही वातरोग और खाँसीरोगरूपी कुमुदिनी को बड़े प्रयत्न से विकसित करती है अर्थात् जैसे उदयाचल से उदित होते ही चाँदनी यत्नपूर्वक कुमुदिनीको विकसित करती है वैसे ही प्रथम सिर में आविर्भूत हुई वृद्धावस्था वातरोग और खाँसी को खूब बढ़ा देती हैं।।22।। भगवन्, कालरूपी स्वामी वृद्धावस्थारूपी लवणादि चूर्ण से धूसर पुरुषों के सिररूपी कूष्माण्ड (कोहड़ा) को पका हुआ जानकर खा जाता है अर्थात् जैसे स्वामी (किसान या अन्य कोई गृहस्थ, क्योंकि वही उसको पैदा करता है, अतः वह स्वामी है) क्षार चूर्ण से धूसर कोहड़े को पका हुआ जानकर खा जाता है, वैसे ही काल भी मनुष्यों के सिर को वृद्धावस्था से सफेद हुआ देखकर खा जाता है।।23।। आयुरूपी प्रवाह के शीघ्र चलने पर वृद्धावस्थारूपी गंगा लगातार प्रयत्नपूर्वक इस शरीररूपी तटवृक्ष की जड़ों को काट डालती है, अर्थात् जैसे प्रवाह तेज होने पर गंगा तीरस्थित वृक्ष की जड़ों को काटकर उसे गिरा देती है, वैसे ही आयु के पूर्ण होने पर वृद्धावस्था लगातार शरीर की जड़ों को काट कर उसे गिरा देती है, वैसे ही आयु के पूर्ण होने पर वृद्धावस्थारूपी गंगा लगातार शरीर की जड़ों (शरीर के आधार बल आदि) को काटकर उसे गिरा देती है।।24।। पहले वृद्धावस्थारूपी बिल्ली यौवनरूपी चूहे को खाती है, फिर उद्धत होकर उसे शरीर का मांस खाने की इच्छा हो जाती है, तब तो उसकी उद्दण्डता का ठिकाना नहीं रहता।।25।। इस संसार में ऐसी अमंगलकारिणी कोई नहीं है, जैसे कि रोदन करने वाली (शब्द करने वाली) देहरूपी जंगल की सियारिन यह वृद्धावस्था है अर्थात् जैसा जंगल की सियारिन के वासने से अमंगल होता है वैसा किसी से नहीं होता। यह वृद्धावस्था भी ठीक सियारिन के समान है, यह भी रोदन करने वाली है और सबसे बढ़कर दुःखदायिनी है।।26।। खाँसी और साँस के साँय-साँय शब्द से युक्त दुःखरूपी धुआँ और कालिख से पूर्ण यह वृद्धावस्थारूपी ज्वाला जलती है, जिसने इस देह को जला ही डाला अर्थात् गीली लकड़ियों के जलने पर ज्वाला सीं-सीं शब्द से युक्त और धूममय करती है और उसमें धुआँ और कालिख भी रहती है, अतएव जैसे सीं-सीं शब्द से युक्त और धूममय और कालिखपूर्ण ज्वाला काष्ठ को जला देती है वैसे ही कास श्वास की साँय-साँय से युक्त और दुःखमय यह(♦) वृद्धावस्था भी देह को जला देती है।।27।।
♦ वृद्धावस्था में नेत्रों की ज्योति के कुछ कम क्षीण होने पर धूममय प्रकाश दिखाई देता है और बहुत अधिक क्षीण होने पर अन्धकार हो जाता है, अतः धूममय और अन्धकारमय विशेषण भी जरा में लग सकते हैं।
जैसे सफेद पत्तों वाली और फूलों से लदी हुई छोटी लता, फूलों के बोझ को न सह सकने के कारण, टेढ़ी हो जाती है, वैसे ही सफेद सम्पूर्ण अंगों से युक्त मनुष्यों का छोटा सा शरीर वृद्धावस्था से टेढ़ा हो जाता है।।28।। वृद्धावस्था रूपी कपूर से सफेद देहरूपी केले के पेड़ को हाथी अनायास उखाड़कर फेंक देता है वैसे ही मृत्यु भी वृद्धावस्था से सफेद देह को निःसन्देह क्षणभर में उखाड़कर फेंक देती है।।29।। पीछे से आने वाले मृत्युरूपी राजा की वृद्धावस्थारूपी सफेद चँवरों से युक्त चिन्ता-व्याधिरूपी अपनी निजी सेना पहले निकलती है। अर्थात् जैसे कोई राजा जब कहीं जाता है, तब चँवर से युक्त उसकी सेना पहले निकलती है वैसे ही यहाँ भी समझना चाहिए।।30।। मुनिवर, बड़े धैर्य से दुर्गम पहाड़ों की गुफाओं में बैठे हुए जिन लोगों को रण में शत्रु हरा नहीं सके, उन्हें भी वृद्धावस्थारूपी वृद्ध राक्षसी ने शीघ्र हरा दिया, यह आश्चर्य देखिये।।31।। वृद्धावस्थारूपी हिम से संकुचित (चारों और हिम से पूर्ण हो जाने के कारण कम आकाश वाले) शरीररूपी गृह से मध्य में इन्द्रियरूपी बच्चे तनिक भी हिलने-डुलने को समर्थ नहीं हो सकते अर्थात् जैसे हिम से परिपूर्ण घर के अन्दर बालक इधर-उधर चल-फिर नहीं सकते, वैसे ही वृद्धावस्था से पूर्ण शरीर में इन्द्रियाँ अपना कुछ भी व्यापार नहीं कर सकती।32।। लाठीरूपी तीसरे पैर से युक्त, बारबार लड़खड़ा रही तथा खाँसी और अधोवायुरूपी मुरजसे (पखावज से) युक्त वृद्धावस्थारूपी स्त्री नाच कर रही है।।33।। गन्ध अर्थात् रागद्वेष आदि से चित्त को (दूसरे पक्ष में सभा को) वासित करने वाला विषयभोग (और कस्तूरी आदि सुगन्धित पदार्थ) इस संसाररूपी राजा के व्यवहार से सम्बन्ध रखने वाली और विषयभोग की कुटी आश्रय देहरूपी यष्टि के सिर पर बैठी हुई वृद्धावस्था नामक चँवरशोभा विराजमान है अर्थात् जैसे राजा के व्यवहार से सम्बन्ध रखने वाली और कस्तूरी आदि सुगन्धि पदार्थों को रखने की यष्टि के ऊपर स्थित चमरश्री अपने अनुपम सौन्दर्य सुगन्धित और मन्द मन्द वायु के प्रसार से शोभित होती है, वैसे ही विषय भोग की आश्रयभूत इस देह में सिर पर बैठी हुई वृद्धावस्था भी शोभित होती  है।।34।। मुनीश्वर, वृद्धावस्थारूपी चन्द्रोदय से से शुभ्र (सफेद और प्रकाशमय) शरीररूपी नगर में स्थित जीविताशारूप तालाब में मृत्युरूपी कुमुदिनी क्षणभर में विकास को प्राप्त होती है अर्थात् जैसे चन्द्रमा के उदित होने से प्रकाशमय नगर में स्थित तालाब में कुमुदिनी शीघ्र विकसित हो जाती है, वैसे ही वृद्धावस्था से सफेद हुए शरीर में स्थित जीविताशा में शीघ्र मृत्यु का आविर्भाव हो जाता है।।35।। वृद्धावस्थारूपी चूने के लेप से (पुताई से) शुभ्र शरीररूपी अन्तःपुर के (रनवास के) भीतर अशक्ति (सामर्थ्य का अभाव), पीड़ा और आपत्तिरूपी महिलाएँ बड़े चैन से रहती हैं।।36।। जिन जरायुज, अण्डज, स्वेदज और उद्भिज्जरूप चार प्रकार के शरीरों में पहले वृद्धावस्था आक्रमण करती है और उसके आगे मृत्यु अवश्य आने वाली है, उन्हीं शरीरों में से एक इस शरीर में (उन शरीरों के सजातीय इस शरीर में) मुझ अतत्त्वज्ञ का क्या विश्वास हो सकता है? पहले वृद्धावस्था का तदन्तर मृत्यु का ग्रास होने वाले इस शरीर में मेरी तनिक भी आस्था नहीं है, यह भाव है।।37।। हे तात्, जो वृद्धावस्था को प्राप्त होकर भी बना रहता है, उस दुष्ट जीवन के दुराग्रह से (दुरभिलाषा से) क्या प्रयोजन है अर्थात् कुछ भी नहीं, वह व्यर्थ ही है क्योंकि वृद्धावस्था इस पृथिवी में मनुष्यों की सम्पूर्ण एषणाओं का तिरस्कार कर देती है। अर्थात् वृद्धावस्था के आने पर कोई भी पुरुष अपनी किसी इच्छा को पूर्ण नहीं कर सकता, इसलिए दुःखप्रद दुष्ट जीवन की दुराग्रहपूर्वक इच्छा करना निष्फल ही है, यह भाव है।।38।।


बाईसवाँ सर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ 

गुरुवार, 13 सितंबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 12



इक्कीसवाँ सर्ग
प्रत्यक्ष नरकसमूह सम्पूर्ण अंगोवाली तथा मनुष्यों के नरकपतन की हेतु स्त्रियों की निन्दा।

जिन स्त्री शरीरों में युवकों को रमणीयता की भ्रान्ति होती है, उनके स्वरूप को विवेचनपूर्वक दर्शाने के लिए इस सर्ग का आरम्भ करते हैं।
श्रीरामचन्द्रजी ने कहाः मुनिवर, नस और हड्डियों के ग्रथन से शोभित मांसमयी स्त्री के रथ, गाड़ी आदि के समान चंचल शरीररूपी पिंजड़े में, जिसे युवक रमणीय-सा समझते हैं, वह कौन वस्तु है अर्थात् कुछ नहीं है।।1।।
उक्त अर्थ को ही विस्तार से विशद करते हुए युवकों को जिन नेत्रों में हावभावरूप विलास की भ्रान्ति होती है, विवेक के होने पर उन नेत्रों की असारता (निन्दनीयता) दिखलाते हैं।
हे प्रियजन, त्वचा, मांस, रक्त और अश्रुजल को अलग करके नेत्र को देखो, यदि वह रमणीय है तो उस पर आसक्ति करो। यदि रमणीय नहीं है, तो क्यों व्यर्थ ही उस पर मोहित होते हो, अर्थात नेत्र, त्वचा, मांस, रक्त और आँसू इनसे अतिरिक्त वस्तु नहीं है, इन्हीं के समुदाय का नाम नेत्र है, भला बतलाओ तो, त्वचा आदि में गर्हितता के सिवा रमणीयता क्या है ?।।2।। स्त्री का शरीर क्या है ? उसका कुछ अंश केश है, कुछ अंश रक्त है और कुछ अंश मांस आदि हैं, इन सबमें रम्यता कहाँ हैं ? ये सब नितान्त घृणास्पद और हेय हैं, इस कारण विवेकसम्पन्न प्राज्ञ पुरुष को स्त्री के शरीर से क्या काम है ? अर्थात् वह उसे निन्दनीय ही समझते हैं, रमणीयता का लेश भई उसमें नहीं देखते।।3।। हे बन्धुगण, बहुमूल्य वस्त्र और कस्तूरी, केसर आदि के लेप से (उबटन, तेल आदि के मर्दन से) जो सम्पूर्ण मनुष्यों के शरीर कभी बार-बार सुशोभित हुए थे, उन्हें समय पाकर गीध, सियार आदि मांसाहारी जीव नोच दबोच कर खाते हैं। यही उनका अंतिम परिणाम है।।4।। जिस स्तनमण्डल पर सुमेरू पर्वत के शिखर से बहने वाले गंगाजल के प्रवाह के सदृश मोतियों के हार की शोभा देखी गई थी और देखी जाती है, वही स्त्रीस्तन समय पाकर शीघ्र श्मशान-भूमि में एवं ग्राम और नगर से दूर निर्जन स्थानों में भात के छोटे पिण्ड के समान कुत्तों का ग्रास बनता है।।5,6।। जैसे वन में चरने वाले ऊँट या गदहे के अंग रक्त, मांस और हड्डियों द्वारा बने हैं, वैसे ही स्त्री के अंग भी उन्हीं उपकरणों द्वारा बने हैं, फिर उसी के लिए इतना आग्रह (आदर) क्यों ? अर्थात् गदहे का शरीर जिस सामग्री से बना है, स्त्री का शरीर भी तुच्छ और घृणित सामग्री से बना है, अतः वह भी उक्त जीवों के समान ही घृणित है।।7।। केवल अविचार से ही लोगों ने स्त्री में रमणीयता की कल्पना कर रक्खी है, परन्तु मेरे मत से स्त्रीशरीर में अविचारजनित रमणीयता भी नहीं है, क्योंकि स्त्री में जो रमणीयता की प्रतीति होती है, उसका कारण एकमात्र मोह है। सीप में जो चाँदी की कल्पना होती है, वहाँ पर सीपरूप अधिष्ठान और अज्ञान दोनों रहते हैं, किन्तु यहाँ पर अधिष्ठान का अभाव है, अतएव यह केवल अज्ञानजनित ही है।।8।। हे मुनीश्वर, मद से अनेक प्रकार का आनन्द देने वाली और पतन, दंगा, फसाद आदि विविध अनर्थ करानेवाली मदिरा में और काम से विविध आनन्द देने वाली और स्वयं काम विकार से युक्त स्त्री में क्या अन्तर है ? यह भाव है कि स्त्री काम द्वारा विविध प्रकार के उल्लासों को देती है, और स्वयं कामविकार से युक्त रहती है और मदिरा मादकशक्ति द्वारा विविध प्रकार के उल्लासों को देती है और स्वयं जव आदि के विकार से या स्खलन, कलह आदि विकार से युक्त है, इसलिए दोनों समान हैं, अर्थात् जैसे श्रेय चाहने वाले पुरुष के लिए मदिरा हेय है, वैसे ही स्त्री भी हेय है।।9।। मुनि जी, ललनारूपी आलान में (हाथी को बाँधने के स्तम्भ में) मदरूपी मोह से सोये जैसे मनुष्यरूपी हाथी परिपक्व (अंकुश के पक्ष में कठोर) शमरूपी अंकुश के प्रहारों से विवेक (हाथी के पक्ष में जागरण) को प्राप्त नहीं होते हैं। अर्थात् जैसे बन्धन-स्तम्भ में मद से सुप्तप्राय हाथी कठोर अंकुश के प्रहारों से नहीं जागता, वैसे ही स्त्री के समीप मोहवश सुप्तप्राय मनुष्य तीव्र शम, दम आदि से विवेक को प्राप्त नहीं होते।।10।। जैसे काजल को धारण करने वाली अग्नि की ज्वाला, दाहक होने के कारण छूने के अयोग्य है और नेत्रों को प्रिय लगने वाली अग्नि की ज्वाला तिनकों को जला डालती है, वैसे ही केश और काजल को धारण करने वाली, छूने के अयोग्य, नेत्रों को सुखदायक (मनोहर) पापरूपी अग्नि की ज्वालारूप स्त्रियाँ मनुष्य को जला डालती हैं।।11।। वासनाओं से पूर्ण होने के कारण आपाततः सरस मालूम पड़ने वाली लेकिन वास्तव में तो नीरस यहाँ स्थित स्त्रियाँ अतिदूरवर्तिनी यमपुरी में भीषण रूप से धधक रहीं नरकाग्नियों की उत्तम लकड़ियाँ हैं।।12।।
स्त्री लम्बी रात्रि के समान व्यर्थ है। जैसे रात्रि के चारों और व्याप्त अन्धकार ही केशों का जूड़ा है, चंचल तारे ही नेत्र हैं, पूर्ण चन्द्रबिम्ब ही मुख है, विकसित पुष्पराशि ही मन्द हास है, श्रृंगार आदि लीला से उसमें पुरुष चंचल रहते हैं, सोये रहने के कारण धर्म, विवेक, वैराग्य आदि का विनाश होता है और वह लोगों की बुद्धि को गाढ़ मोह में डालती है, वैसे ही स्त्री के भी चारों और बिखरे हुए अन्धकार के समान श्याम केशों को जूड़ा रहता है, चंचल कनीनिकाओं से युक्त नेत्र होते हैं, पूर्ण चन्द्रमा के समान आह्लादक होने से अपनी और आकृष्ट करने वाला मुख रहता है, पुष्पराशि के समान विशद हास रहता है, श्रृंगारादि की लीला से पुरुष उसमें विशेष रूप से आसक्त रहते हैं, वह धर्म विवेक, वैराग्य आदि कार्यों की विघातक है और बुद्धि को मोहित करने में तो वह बेजोड़ है, अतः सचमुच स्त्री लम्बी रात्रि के समान केवल आयु का नाश करती है, उससे किसी प्रयोजन की सिद्धि नहीं होती।।13,14।।
स्त्री केवल पुरुषार्थ का ही नाश नहीं करती, किन्तु अनर्थकारिणी भी है, ऐसा कहते हैं।
स्त्री विष की लता के समान युवावस्था से रसीली (लता के पक्ष में फूलों से मनोहर) हाथरूपी पत्तों से (कल्लों से) सुशोभित, भ्रमरूपी नेत्रों के हावभाव से पूर्ण, फूलों के गुच्छे रूपी स्तनों को धारण करने वाली फूलों के केसर के समान गौर वर्णवाली मनुष्यों की हत्या के सदृश अधःपतन में तत्पर और कामोन्माद से अपना सेवन करने वाले लोगों को मूर्छा, मरण आदि विवशता को प्राप्त कराती है। आशय यह है कि जैसे विष की लता फूलों से मनोहर लगती है, नये नये लाल पत्तों से सुशोभित रहती है, भँवरों से व्याप्त रहती है, फूलों के गुच्छों को धारण करती है, फूलों के केसर से पीतवर्ण हो जाती है, मनुष्यों को मार डालती है और जो लोग कामजनित उन्माद से उसका सेवन करते हैं उन्हें मूर्छा, मृत्यु के वश में कर देती है, वैसे ही स्त्री भी युवावस्था से रसीली, सुन्दर हाथों से सुशोभित, भँवर की भाँति चंचल नयनों के कटाक्ष आदि से सम्पन्न, गुच्छों के समान मनोज्ञ स्तनों को धारण करने वाली, फूलों के केसर के समान कांचनवर्णा, मनुष्यों के विनाश के लिए तत्पर है और स्वसेवियों को मूर्छा, मृत्यु आदि के वश में कर देती है। जैसे टुकड़े-टुकड़े करने की इच्छावाली रीछन (भालू की स्त्री) अपनी साँस से बिल में स्थित साँप को बिल से निकाल कर खा जाती है, वैसे ही लम्पट लोगों का धन और मन हरकर विनाश करने के लिए उत्कण्ठित स्त्री दिखावे के लिए किये गये मिथ्याभूत सत्कार द्वारा आश्वासन देकर मनुष्य को अपने वश में कर लेती है।।15-17।। हे मुनिश्रेष्ठ, कामरूपी व्याध ने मूढ़बुद्धि मनुष्यरूपी पक्षियों को फँसाने के लिए स्त्रीरूपी जाल रक्खे हैं, अर्थात् जैसे व्याध दाना चरने के लिये लालायित पक्षियों को फँसाने के लिए जाल बिछाते हैं, वैसे ही कामदेव ने मूढमति (सांसारिक असत् विषयों को सच समझने वाले) लोगों को फँसाने के लिए स्त्रियाँ, जाल की नाईं, इधर उधर बिखेर रक्खी हैं।।18।। स्त्रीरूपी विशाल आलान में (हाथी को बाँधने के खूँटे में) रतिरूपी (प्रेमरूपी) जंजीर से बँधा हुआ मन रूपी मदोन्मत हाथी गूँगे के समान चुपचाप बैठा रहता है, अर्थात् असमर्थ होने के कारण अपने छुटकारे के लिए किसी उपाय का अवलम्बन नहीं कर सकता।।19।। दुष्ट वासनारूपी रस्सी  से बँधी हुई स्त्री धनरूपी कीचड़ में विचरने वाले संसाररूपी छोटे तालाब के मछलीरूपी पुरुषों को फँसाने के लिए बंशी में (मछलियों का पकड़ने का काँटे में) लगी हुई आटे की गोली है। अर्थात् जैसे मछुवे की बंसी में लगी गोली कीचड़ में इधर उधर चलने वाली छोटे बरसाती तालाब की मछलियों को बन्धन में डालकर नष्ट कर देती है।।20।। जैसे घोड़ों के लिए अश्वशाला बन्धन है, हाथियों के लिए आलान बन्धन है और साँपों के लिए मंत्र बन्धन है, वैसे ही पुरुषों के लिए नारी बन्धन है।।21।। हे मुनिवर, विविध रसों से पूर्ण भोग की भूमि यह विचित्र पृथिवी स्त्रियों के ही सहारे दृढ़ स्थिति को प्राप्त हुई है, इस संसार की हेतु स्त्री ही है, यदि स्त्री न होती, तो संसार कभी का विलीन हो गया होता।।22।। दुःख रूपी जंजीर से युक्त सम्पूर्ण दोषरूपी रत्नों की पेटी (सन्दूक) रूप स्त्री से मुझे कुछ भी प्रयोजन नहीं है। स्त्री के मांसमय स्तन, नेत्र, नितम्ब (कमर का पिछला उभरा हुआ भाग) और भौंह में मैं क्या करूँ ? वे सब अतितुच्छ हैं, केवल मांस जैसी घृणित वस्तु से बने हैं।।24।। ब्रह्मन, स्त्री के किसी भाग में मांस की अधिकता है, किसी भाग में खून अधिक है और कहीं पर हड्डियाँ प्रचुर मात्रा है, ऐसे घृणित उपादानों से उसका निर्माण हुआ है, वह भी चिरकाल तक रहे सो बात नहीं है, किन्तु थोड़े ही दिनों में वह जीर्ण-शीर्ण हो जाती है। पूज्यवर जिन्हें अदूरदर्शी पुरुषों ने बड़े लाड़-प्यार से पाला-पोसा वे प्रियतमाएँ समय पाकर श्मशान में छिन्न भिन्न होकर सोती हैं, अर्थात् कहीं उनका सिर पड़ा है, तो कहीं हाथ पड़े हैं, कहीं पैर पड़े हैं और कहीं दूसरे अंग।।25,26।। ब्रह्मन्, प्रिया के जिस मुख में प्रियतम पति ने बड़े प्रेम से कपूर, कस्तूरी, गोरोचन, केसर, चन्दन आदि से भाँति-भाँति के तिलक आदि बनाये थे, वही मुख थोड़े दिनों में निर्जन वन में सूखता है।।27।। उनके सिर के बार राख से घूसर होने के कारण श्मशान के वृक्षों में चँवर जैसे मालूम पड़ते हैं और उनकी मांस और रक्त से शून्य सफेद हड्डियाँ पृथिवी में तारों के समान चमचमाती मालूम होती है।।28।। उनके शरीर के रक्त को धूलि सुखाती है और मांसाहारी जीव भी झुण्ड के झुण्ड उनपर टूटते हैं, उनके चाम को सियार नोच-नोचकर खाते हैं और उनका प्राणवायु आकाश में चला जाता है।।29।। हे संसारस्थित लोगों, स्त्री के अंगों का थोड़े ही काल में होने वाला यह परिणाम मैंने आप लोगों से कहा, उसमें आप लोग क्यों मोह रहे हैं ? ऐसे नाशवान स्त्री के शरीर की सुन्दरता और सत्यता का भ्रम निर्मूल है।।30।। स्त्री क्या है ? पांच भूतों के समुदाय से बना हुआ अंगों का संगठन ही स्त्री है। तनिक भी विवेक-बुद्धिवाला पुरुष राग का वशवर्ती होकर उस पर कैसे आसक्त हो सकता है, अर्थात् जो अज्ञानी है, वे भले ही उसे सत् या उपादेय समझें पर ज्ञानी उसको कैसे उपादेय समझेगा ?।।31।। जैसे शाखा-प्रशाखा से जटिल बहुत से कड़वे (कच्चे) और खट्टे (सूखे)  फलों से लदी हुई सुताला लता (एक प्रकार की जंगली लता) बड़ी ऊँचाई तक फैलती है, वैसे ही मनुष्यों की कान्तानुसारिणी (स्त्री के कारण होने वाली) चिन्ता अनेक खट्टे (कुछ सुख से मिश्रित ऐहिक दुःख फलों से पूर्ण होती हुई बहुत बड़े विस्तार को प्राप्त होती है। जैसे अपने यूथ से बिछुड़ा हुआ हाथी मोह को प्राप्त होता है। (किंकर्तव्य विमूढ़ हो जाता है), वैसे ही उक्त चिन्ता से व्याकुल अतएव उत्कट धनाभिलाषा से अन्ध कहाँ जाऊँ, कहाँ घन मिलेगा, यों चिन्ताग्रस्त होकर मनुष्य अत्यन्त मोह को प्राप्त होता है। जैसे हथिनी को चाहने वाला (हस्तिनी पर आसक्त) हाथी विन्ध्याचल के गड्ढे में (हाथियों को पकड़ने के लिए बनाये गये गड्ढे में) बाँधा जाता है, वैसे ही स्त्रीलम्पट पुरुष वध, बन्धनरूप बड़ी शोचनीय अवस्था को प्राप्त होता है।।32-34।। जिसकी स्त्री है, उसको भोग की इच्छा होती है, जिसकी स्त्री नहीं है, उसे भोग की संभावना ही कहाँ है, स्त्री का यदि त्याग कर दिया तो जगत का त्याग कर दिया, जगत का त्याग करके सुखी होवे।।35।। ब्रह्मन, आपाततः (विचार के बिना) भले प्रतीत होने वाले, भँवरे के पंखों की जड़ के समान चंचल और जिनसे मुक्त होना बड़ा कठिन है, ऐसे भोगों की, जन्म, मरण बुढ़ापा आदि के भय से, मुझे तनिक भी इच्छा नहीं है, मैं इनसे विरत होता हूँ और ऐसा प्रयत्न करूँगा जिससे कि मुझे परम पद प्राप्त हो जाये।।36।।

इक्कीसवाँ सर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ