मासिक साधना उपयोगी तिथियाँ

व्रत त्योहार और महत्वपूर्ण तिथियाँ

25 फरवरी - माघी पूर्णिमा
03 मार्च - रविवारी सप्तमी (शाम 06:19 से 04 मार्च सूर्योदय तक )
06 मार्च -
व्यतिपात योग (दोपहर 14:58 से 07 मार्च दिन 12:02 मिनट तक)
08 मार्च - विजया एकादशी (यह त्रि स्पृशा एकादशी है )
09 मार्च - शनि प्रदोष व्रत
10 मार्च - महा शिवरात्री (निशीथ काल मध्यरात्री 12:24 से 01:13 तक )
11 मार्च - सोमवती अमावस्या (
सूर्योदय से रात्री 1:23 तक )
11 मार्च - द्वापर युगादी तिथि
14 मार्च - षडशीति संक्रांति (पुण्यकाल शाम 4:58 से
सूर्योदय तक)
19 मार्च - होलाष्टक प्रारम्भ
20 मार्च - बुधवारी अष्टमी (
सूर्योदय से दोपहर 12:12 तक)
23 मार्च - आमलकी एकादशी
24 मार्च - प्रदोष व्रत
26 मार्च - होलिका दहन
27 मार्च - धुलेंडी , चैतन्य महाप्रभु जयंती
29 मार्च - संत तुकाराम द्वितीय
30 मार्च - छत्रपति शिवाजी जयन्ती

रविवार, 7 अक्टूबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 30 (मुमुक्षु-व्यवहार प्रकरण)


छठा सर्ग
जहाँ प्रयत्न करने पर भी कार्य विनाश होने पर प्रबल दैव कार्य विनाशक माना जाता है, वहाँ पर विघातक अन्य पुरुष का प्रयत्न ही 'दैव' शब्द से कहा जाता है अथवा अपना प्राक्तन बलवान पौरुष ही दैव कहा जाता है।
श्रीवसिष्ठजी ने कहाः श्रीरामचन्द्र पौरुष से अतिरिक्त दैव कोई वस्तु नहीं है, इसलिए पूर्वजन्म में किया गया पुरुषप्रयत्न ही दैव है। अतएव मैं दैव के आधीन हूँ, स्वतन्त्र नहीं हूँ, ऐसी बुद्धि का सज्जन संगति एवं सत्शास्त्र के अभ्यास से सर्वथा परित्याग कर अधिकारी मनुष्य को इस संसार सागर से अपना उद्धार करना चाहिए। जैसा जैसा प्रयत्न होगा वैसा वैसा शीघ्र फल होगा, इसी का नाम पौरुष है और उसी को दैव भी कहते हैं, दैव और पौरुष में कोई अन्तर नहीं है। जैसे दुःख के समय में दुःख से 'हा कष्ट' कहा जाता है, वैसे ही 'हा कष्ट' शब्द से कहा जाता है और वही 'दैव' है। दैव अपने प्राक्तन कर्म से भिन्न नहीं है। जैसे प्रबल पुरुष बालक को जीत लेता है, वैसे ही वह भी प्रबल पौरुष से जीता जा सकता है। जैसे कल का दुराचरण आज के सुन्दर सदाचरण से शुभता को प्राप्त होता है, वैसे ही प्राक्तन अशुभ कर्म की अशुभता वर्तमान शुभ कर्म से नष्ट हो जाती है। जो लोग तुच्छ विषयसुख के लोभ में पड़कर प्राक्तन कर्मरूपी दैव को जीतने के लिए प्रयत्न नहीं करते तथा सदा दैव के भरोसे बैठे रहते हैं, वे बेचारे पामर और मूर्ख हैं।।1-6।।
जहाँ कहीं दैव की प्रबलता प्रसिद्ध है, वहाँ पर भी पौरुष की ही प्रबलता है, यह कहते हैं।
यदि कहीं पर पुरुषप्रयत्न से किया गया कर्म दैव से (भाग्य से) विनष्ट हो जाय, तो वहाँ पर भी नाश करने वाले को पौरुष को बलवत्तर समझना चाहिए।।7।।
पुरुष के अधीन जो विषय हैं, उन्हीं में ऐसा हो सकता है, जो पुरुष के अधीन नहीं है, वे तो दैव पर ही निर्भर हैं – इस पर कहते हैं।
जहाँ एक टहनी में लगे हुए दो फलों में एक फल खोखला (रसशून्य) होता है वहाँ पर उसके रस का उपभोग करने वाले मनुष्य या कीड़े आदि का, पूर्वजन्म का या इस जन्म का प्रयत्न ही (पौरुष ही) उसके रस का विनाशक होता है। यहाँ पर जगत में संसिद्ध पदार्थ भी विनाश को प्राप्त हो जाते हैं, वहाँ पर विनाश करने वाले का प्रयत्न अधिक बलवान है, यह समझना चाहिए। पूर्वजन्म के और इस जन्म के कर्म (पौरुष) दो भेड़ों की भाँति परस्पर लड़ते हैं, उनमें जो बलवान होता है, वही दूसरे को क्षणभर में पछाड़ देता है। राजवंश के न रहने पर मन्त्री आदि द्वारा प्रेरित अलंकृत हाथी किसी भिक्षुक को लाकर जो बलात् राजा बना देता है, वह मन्त्री, हाथी और नगरवासियों के प्रयत्न का महान् बल है। भाव यह कि भिक्षुक का राज्य प्राप्ति के अनुकूल पूर्वजन्म का पुण्य होने पर भी मन्त्री आदि का पौरुष भी उसमें अन्यतर कारण कहा जा सकता है। यदि मन्त्री लोक हाथी को भेजना आदि उद्योग न करते, तो भिक्षुक का लड़का कदापि राजा न हो सकता। निस्सन्देह मंत्रियों को पुरुषप्रयत्न भिक्षुक के राज्यलाभ में सहकारी कारण है और भिक्षुक का बलवान पुण्य मुख्य कारण है। यह अवश्य स्वीकार करना होगा कि पुरुषप्रयत्न ही एक ऐसी चीज है जो साधारण व्यक्ति को भी बड़ा से बड़ा पद प्रदान कर सकती है। जैसे पुरुषप्रयत्न से भक्षण करने योग्य अन्न को मुँह में दबाकर फिर दाँतों से चूर चूर किया जाता है वैसे ही बलवान पुरुष पौरुष का अवलम्बन कर दुर्बल को पीस डालता है। अतः प्रयत्नशील महाबली पुरुषों के अल्प बलवाले पुरुष उपभोग होते हैं, इसलिए वे उनको ढेले के सदृश अपनी इच्छानुसार कर्म में नियुक्त करते हैं। असमर्थ और अल्पबुद्धि पुरुष बलवान् और बुद्धिमान् पुरुष के पौरुष को तत् तत् पुरुषप्रयत्न को, चाहे वह दृश्य हो चाहे अदृश्य, अपनी अज्ञानता के वश उसे 'दैव' या अदृष्ट समझता है। उन समर्थ प्राणियो में जो अधिक बलवान प्राणी होता है, वह औरों का नियन्ता होता है, यह बात सभी विद्यमान प्राणियों में परस्पर स्पष्ट है, दैव कोई वस्तु नहीं है, यह निश्चित है। भाव यह कि पूर्वोक्त समर्थ पुरुषों की अपेक्षा अधिक समर्थ अन्य पुरुष भी हैं, वे उनके ऊपर शासन करते हैं। अतएव वर्तमान प्राणियों में इस प्रकार पुरुषप्रयत्न ही दिखाई देता है, उससे अन्य कुछ नहीं दिखाई देता। अतः दैव कोई पदार्थ नहीं है, यही समझना युक्तियुक्त है। शास्त्र, मन्त्री, हाथी और नगरवासियों की एकमत्य को प्राप्त हुई स्वाभाविक बुद्धि ही भिक्षुक को राजा बनाने वाली और प्रजा की रक्षिका है।।8-16।।
अन्य के पौरुष से अन्य को फल की प्राप्ति होने पर व्यभिचार की आशंका कर कहते हैं।
अथवा, जहाँ कहीं अलंकृत हाथी से भिक्षुक राजा बनाया जाता है, वहाँ पर भिक्षुक का पूर्वजन्म का प्रबल पौरुष भी कारण है। इस जन्म में किया गया प्रबल पुरुषप्रयत्न अपने बल से पूर्वजन्म के पौरुष को नष्ट कर देता है और पूर्वजन्म का प्रबल पौरुष इस जन्म के पौरुष को अपने बल से नष्ट कर देता है। वही पौरुष सदा विजयी होता है, जो उद्वेग से रहित है। इसी जन्म का ही पौरुष उद्वेगशून्य हो सकता है, पूर्वजन्म का नहीं, क्योंकि वह पहले ही विच्छिन्न हो चुका है, यह भाव है।।17,18।। दोनों (ऐहिक और प्राक्तन) पौरुषों में से ऐहिक पौरुष ही प्रत्यक्षतः बलवान है, इसलिए जिस प्रकार युवक द्वारा बालक जीता जा सकता है, वैसे ही इस जन्म के प्रयत्नों द्वारा दैव (पूर्वजन्म का प्रयत्न) जीता जा सकता है।।19।।
ओले आदि गिरने से खेती के विनाश आदि में इससे विपरीत ही (पौरुष से दैव ही प्रबल) देखा जाता है, ऐसी आशंका करके उक्त दृष्टान्त भी हमारे अभीष्ट की ही सिद्धि करता है, ऐसा कहते हैं।
जैसे मेघ किसानों द्वारा वर्ष भर में कमाई गई खेती को एक ही दिन में विनष्ट कर देता है, यह मेघ का ही पुरुषार्थ है, वैसे ही और जगह भी समझना चाहिए जो अधिक प्रयत्न करता है, उसकी जीत होती ही है। वस्तुतः तो वहाँ पर भी किसान का पूर्व जन्म का पुरुषप्रयत्न ही अदृष्ट कारण है। क्रमशः उपार्जित धन का विनाश हो जाने पर भी खेद नहीं करना चाहिए जहाँ पर अपना कुछ वश नही चलता, वहाँ पर क्या खेद करना ? वहाँ पर पुनः उद्योग करना ही उचित है। जिस कार्य को हम लोग कर नहीं सकते, जो हमारी शक्ति के बाहर है, उसके लिए यदि हम दुःख करें, तो हमने मृत्यु का विनाश नहीं किया, वह कभी न कभी हमें मार डालेगा, यों सोच कर प्रतिदिन रोना चाहिए। इस संसार के सम्पूर्ण पदार्थ देश, काल, क्रिया और द्रव्य के अनुसार स्फूर्ति को प्राप्त होते हैं, जिस विषय में मनुष्य अधिक प्रयत्न करता है, उसमें विजयी होता है।।20-23।।
जिस देश में जिस काल में प्रयत्न विफल हो जाय, उसका त्याग कर दूसरे देश में, दूसरे काल में, दूसरी क्रिया से और दूसरे द्रव्य से पुनः प्रयत्न करना चाहिए, क्योंकि पूर्व आदि दिशाओं में विघ्न आने पर भी श्रीविश्वामित्रजी के तप की उत्तर दिशा में सिद्धि हुई थी, यह तात्पर्य है।
इसलिए अधिकारी मनुष्य को पुरुषार्थ का अवलम्बन कर, सत् शास्त्रों के अभ्यास और सत्संगति द्वारा बुद्धि को निर्मल बना कर संसाररूप सागर से अपना उद्धार करना चाहिए। ये इस जन्म और पूर्व जन्म के दोनों पौरुष पुरुषरूपी अरण्य में उत्पन्न फल देने में समर्थ वृक्ष हैं, उनमें से जो अधिक बलवान होता है, वह विजयी होता है। यहाँ पर जड़ का उच्छेद होने से एक के सूखने पर दूसरे का उगना जय है। जो पुरुष अपने ऐहिक शुभ कर्मों से पूर्वजन्म के तुच्छ कर्म का विनाश नहीं करता, वह अज्ञानी जीव अपने सुख और दुःख में असमर्थ है, भाव यह कि ऐसे लोग अपने दुःख के परिहार  और सुख के उत्पादन में अत्यन्त उदासीन हैं। वह पुरुष ईश्वर की प्रेरणा से पुण्य और पाप के बिना ही स्वर्ग अथवा नरक को जाता है, वह सदा पराधीन रहता है, वह सचमुच पशु ही है, इसमें तनिक भी सन्देह नहीं है। जो पुरुष उदार स्वभाव से प्रयत्न करने में कुशल और सदाचारी हैं, वे पुरुष जैसे सिंह अपने उद्यम से पिंजड़े से निकल जाता है, वैसे ही जगन्मोह से निकल जाते हैं। जो पुरुष कर्म का त्यागकर कोई पुरुष (ईश्वर) मुझे प्रेरित कर रहा है, इस प्रकार अनर्थकारिणी कुकल्पना में स्थित है, उसका दूर से ही त्याग कर देना चाहिए, वह नराधम है।।24-29।।
(शंका- एष ह्येव साधु कर्म कारयति तं यमेम्यो लोकेभ्य उन्निनीषते (यही उस पुरुष से अच्छे कर्म करवाता है, जिसका इस लोक से उद्धार करने की इच्छा करता है) य आत्मनि तिष्ठन् आत्मनमन्तसे यमयति (जो अन्तर्यामी आत्मा में स्थित होकर आत्मा का नियन्त्रण करता है), ईश्वरः सर्वभूतानां हृदेशेऽर्जुन तिष्ठति (हे अर्जुन, ईश्वर सब प्राणियों के हृदय में स्थित है) इत्यादि श्रुति और स्मृतियों से विरुद्ध ईश्वर का अपलाप कर जीव की स्वतन्त्रता कैसे कहते हैं ?
समाधान- आप भी 'यथाकारी यथाचारी तथा भवति तथा भवति साधुकारी साधुर्भवति पापकारी पापो भवति (जैसा करता है वैसा होता है, साधुकर्मकारी साधु होता है और पापकर्मकारी पापी होता है), 'यजेत् जुहुयाद् दद्यात्' (यज्ञ करें, हवन करें, दान दें) 'कर्त्ता, शास्त्रार्थवत्वात्' (आत्मा कर्त्ता है, क्योंकि कर्त्ता को अपेक्षित उपायों का बोध कराने वाला विधिशास्त्र निरर्थक हो जायगा), 'न कर्तृत्वं न कर्माणि लोकस्य सृजति प्रभुः' (ईश्वर जीवों के न कर्तृत्व की सृष्टि करते हैं और न कर्मों की सृष्टि करते हैं) इत्यादि श्रुति और स्मृति से विरुद्ध जीव की परतन्त्रता का प्रतिपादन कैसे करते हैं ? अस्वतन्त्र जीव कर्ता नहीं हो सकता, क्योंकि यदि अस्वतन्त्र को कर्ता मानेंगे, तो 'स्वतन्त्रः कर्ता' इस शास्त्र से विरोध होगा। बलवान ईश्वर की अधीनता में स्थित पुरुष सैंकड़ों विधियों और हजारों निषेधों से न तो किसी कर्म में प्रवृत्त किया जा सकता है और न निवृत्त किया जा सकता है। दूसरी बात यह भी है कि ईश्वर द्वारा जबरदस्ती ब्रह्महत्या आदि दुष्कर्मों में प्रवृत्त कराया गया जीव कैसे अपराधी होगा और स्वयं ही लोगों को बुरे कर्मों में प्रवृत्त कराकर उन्हें नरक में गिरा रहे भगवान वैषम्य और नैर्घृण्य दोष के भागी क्यों न होंगे ? और अन्तर्यामी ब्राह्मण के अन्त में 'नान्योऽतोऽसि द्रष्टा नान्योऽतोऽस्ति श्रोता नान्योऽतोऽस्ति मन्ता' इत्यादि से जीव के अपलाप द्वारा ईश्वरस्वातन्त्र्यका समर्थन कैसे संगत होगा ?
यदि कहिये केवल अज्ञ पुरुष की दृष्टि का अवलम्बन कर कर्मकाण्डप्रवृत्ति में जीवस्वातन्त्र्यवाद है, उसको शिथिल कर सम्पूर्ण भूतों में एकात्म्यज्ञान के लिए प्रवृत्त विवेकदृष्टि का अवलम्बन कर ईश्वरस्वातन्त्र्यावाद है, उसके फलभूत ज्ञान से प्राप्त विवेकदृष्टि का अवलम्बन करके 'तदेतद् ब्रह्मापूर्वमनपरमनन्तरमबाह्यमयमात्मा ब्रह्म सर्वानुभूः' (यह ब्रह्म कारण शून्य, कार्यरहित, अनन्तर, अबाह्य, सर्वरूप से सबका अनुभव करने वाला है), 'न कर्तृत्वं न कर्माणि' इत्यादि श्रुतिवाद और स्मृतिवाद है। जैसे स्वप्न और दर्पण आदि में काष्ठहस्ती के धावन को हस्ती की दृष्टि से देखने पर हस्ती ही दौड़ता है न कि काष्ठ, काष्ठ की दृष्टि से देखने पर काष्ठ ही दौड़ता है न कि हस्ती, परमार्थदृष्टि से देखने पर तो न हस्ती है, न काष्ठ है और न धावन क्रिया ही है, केवल अविकृत पुरुष, दर्पण आदि ही हैं, वैसे ही ये वाद है, तो मोक्ष के उपाय के प्रवर्तक श्रीवसिष्ठ जी का प्रस्तुत उपदेश अज्ञ पुरुषों के लिए  है, इसलिए यहाँ पर ईश्वरस्वातन्त्र्यवाद का निराकरण उचित ही है। भगवान श्रीशंकराचार्यजी का भाष्य भी है - 'तमेतमविद्याख्यमात्मनोशास्त्राणि विधिनिषेधमोक्षपराणि' (इस अविद्यारूप आत्मा और अनात्मा के अन्योन्याध्यास का अवलम्बन कर सभी प्रमाण, प्रमेय आदि लौकिक व्यवहार और विधि, निषेध तथा मोक्षपरक सम्पूर्ण शास्त्र भी प्रवृत्त हैं)।
इस प्रकार अज्ञानी जीव की दृष्टि से सिद्ध जीवस्वातन्त्र्य – पक्ष में प्राप्त कर्मों के अनुसार नियन्त्रण करने वाले ईश्वर में वैषम्य और नैर्घृण्य दोष नहीं है, यह भाव है।
संसार में हजारों जो व्यवहार हैं, उनमें लाभ और हानि हुआ करते हैं। उनमें राग और द्वेष का त्यागकर शास्त्रानुसार प्रयत्न करना चाहिए। कभी विच्छिन्न न हुई शास्त्रानुकूल अपनी मर्यादा का त्याग न कर रहे पुरुष को जैसे सागर में रत्न प्राप्त होते हैं, वैसे ही सम्पूर्ण अभीष्ट प्राप्त होते हैं। जिनसे सुखप्राप्ति और दुःखनिवृत्ति होती है, उन अवश्य कर्तव्य कार्यों में प्रयत्नपूर्वक सदा तत्पर रहने को ही विद्वान लोग पौरुष कहते हैं, उक्त तत्परता यदि शास्त्रानुसार हो, तो वह परमपुरुषार्थ की साधक होती है। देहसंचालनरूप क्रिया से (गुरु सेवारूप कार्य से), सज्जनों के समागम एवं आत्मस्वरूप का प्रतिपादन करने वाले सत्शास्त्रों के अभ्यास से असंभावना, विपरीत भावना आदि दोषों के निराकरणपूर्वक तीक्षण हुई बुद्धि से आत्मा का जो स्वयं उद्धार किया जाता है, वह स्वार्थसाधकता है। विद्वान लोग अन्तरहित एवं अज्ञानकृत विषमता से शून्य परमार्थ वस्तु को (ब्रह्म) जानते हैं। उक्त परमार्थ वस्तु जिनसे प्राप्त हो, उन शास्त्र और साधुओं की सदा सेवा करनी चाहिए। जो दोनों लोकों में हित करने वाला पुरुष प्रयत्न है, देवलोक के भोग से अवशिष्ट वही पूर्वजन्म का पौरुष देवलोक से यहाँ आये हुए पुरुष का 'दैव' कहलाता है। यह ठीक है, इसमें किसी प्रकार का सन्देह नहीं है और इसकी हम निन्दा भी नहीं करते हैं। जो लोग मूढ़ों द्वारा अपनी कपोलकल्पना से गढ़े हुए 'दैव' को मानते हैं, वे विनाश को प्राप्त हो गये हैं, यों हम उनकी निन्दा करते हैं। सदा अपने पुरुषप्रयत्न से ही दोनों लोकों में हित होता है, जैसे कलका दुष्कर्म आज के सत्कर्म से शोभा को प्राप्त होता है, वैसे ही वर्तमान जन्म के शुभ कर्मों से पूर्वजन्म के दुष्कर्म शोभा को प्राप्त हो जाते हैं। जो मनुष्य प्रयत्नपूर्वक शुभ कार्य में संलग्न होता है, उसका फल हाथ में रक्खे हुए आँवले के समान पौरुष से ही साफ देखा गया है। जो प्रत्यक्ष का त्यागकर दैवरूप मोह में निमग्न होता है वह परम मूढ़ है। हे श्रीरामचन्द्र, इसलिए अपनी कोरी कपोलकल्पना से उत्पन्न अतएव मिथ्याभूत सम्पूर्ण कारण और प्रयोजनों से रहित 'दैव' की उपेक्षा कर अपने पौरुष का अवलम्बन करो।।30-39।।
वह पौरुष क्या है, जिसके अवलम्बन के लिए आप उपदेश देते हैं ? इस पर कहते हैं।
वेद-शास्त्रों द्वारा और महापुरुषों के शुभ आचार से अति विस्तृत विविध देश धर्मों द्वारा समर्थित जो चित्तशुद्धिरूप और ज्ञानरूप अति प्रसिद्ध फल है, उसकी हृदय में अति उत्कट अभिलाषा होने पर उसको प्राप्त करने की इच्छा से चित्त में क्रिया होती है, उसके अनन्तर इन्द्रिय, हाथ, पैर आदि में क्रिया होती है, तब पुरुष श्रवण, मनन आदि करता है, इसी को पौरुष कहते हैं। अधिकारी पुरुष का जन्म पुरुषार्थ की सिद्धि होने पर ही सफल होता है, अन्यथा नहीं, यह जानकर सदा आत्मप्रयत्न में संलग्न रहना चाहिए। तदुपरान्त इस प्रयत्नपरायणता को सत्शास्त्रों के अभ्यास, सन्त महात्माओं और विद्वानों की सेवा द्वारा आत्मज्ञानरूप फलप्राप्ति से सफल बनाना चाहिए। यदि पौरुष का अवलम्बन किया जाय, तो वह अवश्य दैव को जीत लेता है, इस प्रकार दैव और पौरुष के बलाबल के विचार से भव्य शम, दम आदि साधनों से सम्पन्न एवं श्रेष्ठ पुरुषों की सेवा में नित्य संलग्न अधिकारी पुरुषों का श्रवण, मनन आदि करता है, इसी को पौरुष कहते हैं। अधिकारी पुरुष का जन्म पुरुषार्थ की सिद्धि होने पर ही सफल होता है, अन्यथा नहीं, यह जानकर सदा आत्मप्रयत्न में संलग्न रहना चाहिए। तदुपरान्त प्रयत्नपरायणता को सत्शास्त्रों के अभ्यास, सन्त महात्माओं और विद्वानों की सेवा द्वारा आत्मज्ञानरूप फलप्राप्ति से सफल बनाना चाहिए। यदि पौरुष का अवलम्बन किया जाय, तो वह अवश्य दैव को जीत लेता है, इस प्रकार दैव और पौरुष के बलाबल के विचार से भव्य, शम, दम आदि साधनों से सम्पन्न एवं श्रेष्ठ पुरुषों की सेवा में नित्य संलग्न अधिकारी पुरुषों को श्रवण, मनन आदि द्वारा तत्त्वज्ञान की प्राप्ति के लिए उद्यम करना चाहिए। यह अधिकारी जीव को इस जन्म में सम्पादन करने योग्य सहज पौरुष ही परम पुरुषार्थलाभ का हेतु है, ऐसा निश्चय कर सदा आनन्दमग्न सर्वोत्कृष्ट ब्रह्मवेत्ताओं की शुश्रुषारूप अमोघ मधुर उत्तम औषधि से विविध जन्ममरणपरम्परारूप भवरोग को शान्त करें।।40-43।।

छठा सर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

गुरुवार, 4 अक्टूबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 29 (मुमुक्षु-व्यवहार प्रकरण)


पाँचवाँ सर्ग
पौरुष के प्रबल होने पर अवश्य फलप्राप्ति में एवं दैव की पुरुषार्थ से अभिन्नता में युक्ति और दृष्टान्तों का प्रदर्शन।
पूर्व में जो यह कहा था कि दैव पौरुष से अतिरिक्त नहीं है, दैव से पौरुष प्रबल है और पौरुष से ही पुरुषार्थ की सिद्धि होती है, उक्त सबका युक्ति से समर्थन करने के लिए प्रतिज्ञा करते हैं।
श्रीवसिष्ठजी ने कहाः जैसे नीला, पीला आदि रंगों की अभिव्यक्ति में प्रकाश ही मुख्य कारण है, वैसे ही शास्त्र के अनुसार कायिक, वाचिक और मानसिक व्यवहार करने वाले अधिकारी पुरुषों के सब पुरुषार्थों की सिद्धि में प्रवृत्ति ही मुख्य कारण है।।1।।
विद्या तृप्ति आदि के समान दृष्टफलक है, उसके साधन में शास्त्रीय नियम का क्या उपयोग है ? इस पर कहते हैं।
पुरुष जिसकी केवल मन से इच्छा करता है, शास्त्रानुसार कर्म से नहीं करता, वह उन्मत्त की चेष्टा ही करता है, वह पुरुषार्थ का साधन नहीं है, बल्कि मोह का साधन है। सारांश यह कि यद्यपि विद्या दृष्टफलक है, तथापि विद्या  साधन में अशास्त्रीय ही फल होता है, इस प्रकार औचित्य के बल से भी व्यवस्था की सिद्धि होती है। जो आदमी जैसा प्रयत्न करता है, वह वैसा ही फल पाता है। प्राक्तन (पूर्व जन्म का) स्वकर्म है दैव कहलाता है, उससे अतिरिक्त दैव कुछ नहीं है। पौरुष दो प्रकार का है-एक शास्त्रानुमोदित और दूसरा शास्त्रविरुद्ध। उनमें शास्त्रविरुद्ध कर्म अनर्थ का कारण है और शास्त्रानुमोदित कर्म परमार्थवस्तु की प्राप्ति का कारण है। कहीं पर सम और कहीं पर असम प्राक्तन और ऐहिक दो पुरुषार्थ भेड़ों की तरह परस्पर लड़ते हैं, उनमें जो कम बलवाला होता है, वह नष्ट हो जाता है। इसलिए पुरुष को शास्त्रीय प्रयत्न से सज्जन महात्माओं के संग के द्वारा वैसा उद्योग करना चाहिए जिससे कि इस जन्म का पौरुष पूर्व जन्म के पौरुष को शीघ्र जीत ले।।2-6।।
'त्रिभिऋणैऋणवान् जायते' इस श्रुति से मनुष्य, देवता आदि का ऋणि, सुना जाता है और 'तस्मादेषां तन्न प्रियमेतन्मनुष्या विद्युः' (इसलिए देवताओं को यह प्रिय नहीं है कि मनुष्य आत्मतत्त्वज्ञानी होवें) ऐसी भी श्रुति है, इसलिए वे देवता अवश्य विघ्न करेंगे, उनके विघ्न करने पर किया गया प्रयत्न ही विफल हो जायगा, ऐसी आशंका कर कहते हैं।
सम और विषम अपना और दूसरे का पुरुषार्थ – ये दोनों भेड़ों की तरह लड़ते हैं उन दोनों में जो अति बलवान होता है, वह जीत जाता है। भाव यह है कि दोषों के रहते ही देवता विघ्न कर सकते हैं, अपने प्रयत्न से दोषों पर विजय पाने से उनकी विघ्नशक्ति कुण्ठित हो जाती है।।7।।
शास्त्रीय मार्ग में यत्न कर रहे लोगों को भी कभी कभी रोगादि अनर्थ क्यों प्राप्त होते हैं ? ऐसी आशंका होने पर कहते हैं।
जहाँ पर शास्त्रानुमोदित पौरुष से भी विघ्नबाधा प्राप्त होती है, वहाँ पर अनर्थकारी अपने पौरुष को बलवान् समझना चाहिए।।8।।
उसको भी जीत लेना चाहिए यह भाव है।
अपने उत्कृष्ट पौरुष का अवलम्बन कर दाँतों से दाँतों को पीस रहे पुरुष को अपने शुभ पौरुष से विघ्न करने के लिए उद्यत पूर्व जन्म के अशुभ पौरुष को जीत लेना चाहिए। यह प्राचीन पौरुष मुझे प्रेरित करता है, इस प्रकार की बुद्धि को बलपूर्वक कुचल डालना चाहिए, क्योंकि वह प्रत्यक्ष प्रयत्न से अधिक बलवान नहीं है। तब तक पौरुष पूर्वक भली भाँति प्रयत्न करना चाहिए जब तक कि प्राक्तन (पूर्व जन्म का) अशुभ पौरुष स्वयं (╫) (निःशेष) शान्त हो जाये।
╫ 'स्वयम्' विशेषण निःशेषतता का सूचक है, अन्य से शान्ति होने पर उसके (शामक अन्य के) हटने पर फिर उसका उद्भव हो सकता है वह न हो इसलिए 'स्वयम्' यह विशेषण दिया है।
इस जन्म के गुणों से (शुभ पौरुष से) पूर्वजन्म का दोष (अशुभ पौरुष) अवश्य नष्ट हो जाता है, इसमें कोई सन्देह नहीं है। आज के गुणों से (लंघन आदि से) कल के दोष का (अजीर्ण आदिका) क्षय इसमें दृष्टान्त है। पूर्व जन्म के दुरदृष्ट का ऐहिक शुभ कर्मों से सदा उद्योगशील बुद्धि द्वारा तिरस्कार कर अपने में संसार को तरने के लिए सम्पादनार्थ (मुक्तयर्थ) शम, दम, श्रवण आदि सम्पत्ति के लिए यत्न करना चाहिए। आलसी पुरुष गदहे से भी निकृष्ट है, अतएव उद्योगहीन होकर गर्दभ तुल्य नहीं बनना चाहिए, किन्तु स्वर्ग और मोक्ष की सिद्धि के लिए शास्त्रानुसार सदा यत्न करना चाहिए।।9-14।। जैसे विष्णु असुरों द्वारा प्रयुक्त माया रूप पिंजड़े से स्वयं बलपूर्वक निकल गये। अथवा जैसे सिंह मनुष्यों से बनाये गये बन्धन रूप पिंजड़े से स्वयं बलपूर्वक निकल जाता है, वैसे ही मनुष्यों को पौरुषरूप यत्न का अवलम्बन कर इस संसाररूप गर्त से स्वयं बलपूर्वक निकल जाना चाहिए। अपने शरीर को प्रतिदिन नश्वर देखें, पशुओं के साथ समानता को छोड़ दें अर्थात् पशुता का स्वीकार न करें, किन्तु सत्पुरुषों के योग्य साधु संगम और सत्शास्त्रों का अवलम्बन करे। जैसे कीड़ा घाव में पीव आदि द्रव पदार्थ का आस्वादन करता है, वैसे ही घर में स्त्री, अन्न, पान आदि द्रव और कोमल पदार्थों का आस्वादन लेकर सम्पूर्ण पुरुषार्थों के साधनभूत यौवन को व्यर्थ नहीं कर देना चाहिए। शुभ पुरुष प्रयत्न से शीघ्र शुभ फल प्राप्त होता है और अशुभ पुरुष प्रयत्न से अशुभ फल मिलता है। पूर्वजन्म के शुभ और अशुभ पुरुष प्रयत्नो के सिवा दैव नाम की कोई वस्तु नहीं है। जो मनुष्य प्रत्यक्ष प्रमाण का त्याग कर अनुमान प्रमाण का अवलम्बन करता है, वह अपनी बाहुओं को ये सर्प है, ऐसा समझकर उनसे भयभीत होकर भागता है। विश्वामित्र आदि श्रेष्ठ पुरुषों ने पुरुष प्रयत्न से ही पुरुषार्थ (परम लक्ष्य) प्राप्त किया था, इस बात को न जानने वाले अतएव मुझे दैव प्रेरित कर रहा है, ऐसा कहने वाले दुर्बुद्धियों का मुख देखकर लक्ष्मी लौट जाती है। इसलिए पहले पुरुष प्रयत्न से नित्यानित्यवस्तु विवेक आदि चार साधनों का अवलम्बन लेना चाहिए और आत्मज्ञानरूपी महान अर्थवाले शास्त्रों का विचार करना चाहिए। शास्त्रानुसार श्रवण, मनन आदि चेष्टाओं द्वारा परमार्थभूत आत्मतत्त्व का विचार न कर रहे अतएव उक्त पुरुषार्थसाधन से शून्य मूढ़ पुरुषों की अनन्त नरकों की हेतु होने के कारण अतिदुष्ट भोगेच्छा के लिए धिक्कार है। अर्थात् ऐसे पुरुष शोचनीय हैं।।15-22।।
'एव' पद योग्य जन्म का लाभ होने पर भी पुरुषार्थ की सिद्धि न करने पर फिर पुरुषार्थ सिद्धि की दुर्लभता का द्योतक है। श्रुति भी है - 'इह चेदवेदीदथ सत्यमस्ति न चेदिहावेदीन्महती विनष्टिः' अर्थात् यदि अधिकारी मनुष्य ने आत्मतत्त्व को जान लिया, तो मनुष्य जन्म की ठीक सार्थकता है, यदि आत्मतत्त्व को नहीं जाना, तो बड़ा भारी विनाश है – अविच्छिन्न जन्म, मरण, नरक दि की परम्परा प्राप्त होती है।
इतने समय तक पुरुषार्थ करना चाहिए, इस प्रकार अवधिका ज्ञान न होने के कारण वह अनन्त है उसमें अति परिश्रम भी है, अतः उसमें कैसे प्रवृत्ति हो ? इस पर कहते हैं। पौरूष निरवाधिक नहीं है, साक्षात्कार का उदय ही उसकी अवधि है। वह प्रयत्न की भी अपेक्षा नहीं करता।।23।।
क्योंकि 'प्रत्यक्षावगमं धर्म्यं सुसुखं कर्तुमव्ययम्' (अनेक जन्मों से संचित निष्काम कर्म का फल गुरु द्वारा प्रदर्शित विचार से युक्त वेदान्तवाक्य से सुखपूर्वक प्राप्त किया जा सकता है) ऐसी स्मृति है।
यदि शंका हो कि उक्त 'प्रत्यक्षावगमम्' इत्यादि वाक्य 'पूर्णाहुत्या सर्वान् कामानवाप्नोति' (पूर्णाहूति से सम्पूर्ण कामों को प्राप्त करता है) इसके समान प्ररोचनामात्र है, क्योंकि अधिक श्रम होने पर ही अधिक फल प्राप्त होता है, ऐसा नियम है, तो उक्त नियम पर अन्वयव्यभिचार दर्शाते हैं।
बड़े भारी प्रयत्न से भी पत्थर से रत्न नहीं प्राप्त हो सकता और रत्न की परीक्षा में निपुण व्यक्तियों को परिश्रम के बिना भी प्रचुर लाभ होता दिखाई देता है। इस प्रकार व्यतिरेक व्यभिचार भी समझना चाहिए। जैसे जल से घड़ा परिमित है एवं जैसे लम्बाई चौड़ाई आदि परिमाण से वस्त्र परिमित है, वैसे ही पुरुषप्रयत्न भी परिमाणस्थ (आत्मतत्त्वसाक्षात्काररूपी फल की अवधि में स्थित) एवं परिमित है, अर्थात् उसकी अवधि (सीमा) तत्त्वसाक्षात्कार है। उक्त पुरुषप्रयत्न यदि सत् शास्त्र, सत्संग और सदाचार से युक्त होता है, तो अपना फल (तत्त्वसाक्षात्कार) देता है, यह उसका स्वभाव है। यदि वह सत्शास्त्र, सत्संग और सदाचार से रहित होता है, तो उससे फल की सिद्धि नहीं होती। पौरुष का यह स्वरूप है, इस प्रकार व्यवहार कर रहे किसी भी पुरुष का प्रयत्न भी विफल नहीं होता। दीनता और दरिद्रता से उत्पन्न दुःख से पीड़ित हुए नल, हरिश्चन्द्र आदि श्रेष्ठ पुरुष भी अपने पुरुषप्रयत्न से ही देवराज के सदृश हो गये हैं।।25-27।।
यदि बहुत परिश्रम की अपेक्षा नहीं है, तो पीछे पौरुष करेंगे, इसी समय उसकी क्या आवश्यकता है ? ऐसी शंका होने पर कहते हैं।
बाल्यावस्था से लेकर भलीभाँति अभ्यस्त शास्त्र, सत्संग आदि गुणों द्वारा पुरुषप्रयत्न से (╪) स्वार्थ (तत्त्वसाक्षात्कार) प्राप्त होता है, सहसा किये गये शास्त्राभ्यास, सत्संग आदि से वह प्राप्त नहीं किया जा सकता।
╪ जब तक आत्मसाक्षात्कार नहीं होता तभी तक पुरुषप्रयत्न करना अतीव आवश्यक है। आत्मतत्त्वसाक्षात्कार होने पर पुरुष के प्रयत्न की समाप्ति हो जाती है, इसलिए पुरुषप्रयत्न असीम नहीं है, किन्तु ससीम है।
वे तो कोमल काँटे के समान हैं। भाव यह कि जैसे कोमल काँटे से पैर में चुभा हुआ काँटा नहीं निकाला जा सकता वैसे ही सहसा अभ्यस्त शास्त्र आदि से तत्त्वसाक्षात्कार नहीं किया जा सकता। हम जीवन्मुक्त लोगों ने इस बात को प्रत्यक्षतः देखा है, उसका अनुभव किया है, सुना और साधनों से उपार्जित किया है, जो लोग उसे दैवाधीन कहते हैं, वे मन्दमति हैं और विनष्ट हैं।।28,29।।
यदि ऐसा है तो सभी लोग क्यों यत्न नहीं करते, इस पर कहते हैं।
अनर्थ (दुर्गति) का कारण होने या अर्थ (उन्नति) विघातक होने के कारण अनर्थकारी आलस्य यदि जगत में न होता, कौन पुरुष बड़ा धनी और विद्वान नहीं होता अर्थात् सभी धनी और विद्वान होते। आलस्य के कारण ही यह सागरपर्यन्त सम्पूर्ण पृथिवी निर्धनों और नरपशुओं से परिपूर्ण है। इसलिए आलस्य का परित्याग कर बाल्यावस्था से ही मनुष्य को सत्संग, शास्त्राभ्यास आदि में जुट जाना चाहिए, यही सर्वश्रेष्ठ मार्ग है।।30।।
यद्यपि अत्यन्त बाल्यावस्था से सत्संग आदि नहीं किये जा सकते फिर भी यौवनारम्भ से ही प्रयत्न करना उत्तम है, ऐसा कहते हैं।
चपल बालकों द्वारा की गई क्रीडाओं से अति चंचल बाल्यावस्था के बीत जाने पर गुरुसेव आदि में समर्थ भुजाओं से अलंकृत अवस्था से (यौवनावस्था से) लेकर पद-पदार्थ ज्ञान में निपुण (व्युत्पन्न) पुरुष गुरु, सतीर्थ्य, अपने से अधिक ज्ञाताओं के संग से अपने गुणों का (भक्ति, दया आदि का), दोषों का (राग-द्वेष आदि का) विचार (शान्ति आदि से अन्त में कल्याण होता है और राग आदि से अनर्थ की प्राप्ति होती है, इस प्रकार का पर्यालोचनरूप विचार) करें।।31।। श्रीवाल्मीकि जी ने कहाः महामुनि श्रीवसिष्ठजी के यों कहने पर दिन बीत गया और सूर्य भगवान अस्ताचल के शिखर पर गये। मुनिसभा महामुनि वसिष्ठजी को प्रणाम कर सायं सन्ध्योपासना, अग्निहोत्र आदि करने के लिए स्नानार्थ चली गई और रात्रि बीतने पर सूर्योदय होते-होते श्रीवसिष्ठजी के पास पुनः आ गई(╨)।।32।।
╨ इसकी व्याख्या यों भी है वाल्मीकि जी ने कहा, यह अरिष्टनेमी के प्रति देवदूत की उचित है, वाल्मीकि जी के उक्त प्रकार से भरद्वाज के प्रति कहने पर दिन अस्त हो गया, सूर्य भगवान् अस्ताचल के शिखर चले गये एवं मुनियों की सभा वाल्मीकि जी को नमस्कार कर सायंकालीन सन्ध्योपासना, अग्निहोत्र आदि करने के लिए स्नानार्थ चली गई और रात्रि के बीतने के अनन्तर सूर्योदय होने पर पुनः वाल्मीकि जी के पास आ गई। टीकाकार का कहना है कि यदि इस प्रकार अर्थ न किया जायेगा तो आगे तत्-तत् स्थलों में जो दशरथ सभा के उत्थान का वर्णन, आह्निक कर्मानुष्ठान वर्णन, रात्रि में राम आदि के साथ श्रुत अर्थ के चिन्तन का वर्णन, एवं प्रातः सूर्योदय आदि का वर्णन किया गया है, वह असंगत हो जायेगा।

पाँचवाँ सर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

बुधवार, 3 अक्टूबर 2012

श्री योगवासिष्ठ महारामायण - 28 (मुमुक्षु-व्यवहार प्रकरण)


चौथा सर्ग
मुक्तों के अनुभव से सदेह और विदेह मुक्तियों में समानता वर्णन और ज्ञान की दृढ़ता के लिए शास्त्रीय पौरुष की प्रशंसा।
नित्यमुक्तस्वभाव आत्मा का अज्ञानरूप आवरण ही बन्धन है और ज्ञान से उसका विनाश ही मुक्ति है। जैसे यह चित्रलिखित बाघ है, सचमुच नहीं है, ऐसा ज्ञान हो जाने पर बाघ का डर नहीं रहता प्रत्युत उसे देखने में आनन्द ही आता है, वैसे ही अज्ञान के नष्ट हो जाने पर यह दृश्यमान व्यवहार कौतूहल का ही कारण होता है, अनर्थ का हेतु नहीं होता, इसलिए जीवन्मुक्ति और विदेहमुक्ति में कोई अन्तर नहीं है, इस प्रकार पूर्व शंका का समाधान करके प्रस्तुत आत्मतत्त्व का विस्तार से उपदेश देने के लिए पहले मूल की दृढ़ता के लिए पुरुषार्थ का समर्थन करते हैं।
वसिष्ठजी ने कहाः हे सौम्य, जैसे समुद्र में जलकी निश्चलावस्था में और तरंगित दशा में जलत्व एक-सा ही है, उसमें किसी प्रकार का अन्तर नहीं है वैसे ही विदेहमुक्त और जीवन्मुक्त मुनि की स्वस्वरूप में अवस्थिति तुल्य ही हैं।।1।।
मुक्ति चाहे सदेह हो अथवा विदेह हो, वह विषयाधीन तो कदापि नहीं है। यदि मुक्ति स्वर्ग आदि के समान विषयाधीन होगी, तो वह भी उसी प्रकार विषयों के वैषम्य से अवश्य विषम होगी। यह भाव है। यदि कोई कहे कि फिर भी उक्त दोनों मुक्तियों में भोक्तृत्व और अभोक्तृत्व से जनित अन्तर तो है ही, क्योंकि सदेह मुक्ति में देहस्थिति भोग के लिए ही है, इस पर कहते हैं।
जिसने सत्यत्वबुद्धि से भोगों का आस्वादन ही नहीं किया, उसमें भोग्य की अनुमति कहाँ से होगी अर्थात् भोगों में सत्यत्वबुद्धि से भोक्तृत्व के अभिमान से भोग का आस्वादन करने पर भोगकृत अन्तर होगा, किन्तु असंग उदासीन आत्मैकत्वदर्शी में उक्त अभिमान ही नहीं है।।2।।
तब ये सन्देह कैसे हैं, इस पर कहते हैं।
जीवनमुक्त मुनिश्रेष्ठ श्रीवेदव्यासजी को सदेह के सदृश केवल हम अपनी कल्पना से सामने देखते हैं, इन्हें अपने विदेहत्वनिश्चय के प्रति किसी प्रकार का विघ्न नहीं है। आशय यह कि यद्यपि हम लोग अपनी कल्पना से इन्हें सदेह-सा देखते हैं तथापि ये अपने निश्चय से विदेह ही हैं, अतएव अपने अनुभव से इनमें कोई अन्तर नहीं है। ज्ञानरूपी (चिन्मय) सदेहमुक्त (जीवन्मुक्त) और विदेहमुक्त में क्या भेद है ? अर्थात् अज्ञान ही भेदक है, उसके नष्ट होने पर केवल ज्ञान के अवशिष्ट रहने पर भेदक कौन है ? कोई नहीं। जल की तरंगावस्था में जो जल है, वही सौम्यावस्था में (निश्चलावस्था में) भी है, उसमें कोई अन्तर नहीं है।।3,4।।
जल में कदाचित अस्वच्छता, मलिनता आदि से जनित अन्तर भी हो सकता है, ऐसी शंका से दूसरे दृष्टान्त द्वारा उक्त अर्थ का समर्थन करते हैं।
सदेह और विदेह मुक्ति में तनिक भी भेद नहीं है जैसे कि वेगवान् और वेगरहित वायु वायु ही है उसमें कुछ भी अन्तर नहीं है(▀)।।5।।
▀ इस श्लोक में अनन्तर कुछ पुस्तकों में - 'मयोक्तं केवलीभावं तत्तत्स्मरणजीवनम्। सदेहस्य विदेहस्य समतैव सदा शिवा।।' यह श्लोक अधिक है। इसका यह अर्थ है – यदि कोई कहे कि वेगवान वायु शीतल, वृक्ष, लहर आदि के कम्पका (चंचलता का) हेतु है और त्वचा इन्द्रिय से जाना जाता है और वेगरहित वायु उससे विपरीत है, इस प्रकार उन दोनों में भेद है ही, इसलिए भेदशून्य सदेह और विदेह मुक्ति में सस्पन्द और निःस्पन्द वायु का दृष्टान्त कैसे देते हैं ? उस पर कहते हैं। और विदेह मुक्ति में सस्पन्द और निःस्पन्द वायु का दृष्टान्त कैसे देते हैं ? उस पर कहते हैं।
सदेहमुक्ति, विदेहमुक्ति, बन्धन, मुक्ति आदि व्यवहार भी कल्पना से ही होते हैं परमार्थ दृष्टि से नहीं होते – ऐसा कहते हैं।
हमारी और श्री व्यासजी की दृष्टि में सदेहमुक्ति अथवा विदेहमुक्ति परमार्थ वस्तु नहीं है, किन्तु द्वैतशून्य आत्मैक्य ही परमार्थ वस्तु है। उसकी प्राप्तिरूप ज्ञान-फल में कोई भेद नहीं है, इसलिए ज्ञान में अनित्यफलतारूप दोष की आशंका का अवसर ही नहीं है, ज्ञान का उदय होने पर देहपात की आपत्ति भी नहीं हो सकती, क्योंकि विरोधी अंश का ही ज्ञान से बाध होता है, प्रारब्ध कर्म का फल होने से देहधारण प्रारब्धकर्म-फल ज्ञान के सदृश है और ज्ञान का उपजीव्य है, इसलिए देहधारण का ज्ञान के साथ किसी प्रकार का विरोध नहीं है, जैसे उपादानभूत निद्रा का नाश होने पर भी स्वप्न के संस्कारों की कुछ का तक अनुवृत्ति देखी जाती है, वैसे ही अज्ञान का ज्ञान से विनाश होने पर जब तक प्रारब्ध कर्म रहता है तब तक देह आदि की स्थिति उपपन्न होती है, यह भाव है।।6।।
हे रामचन्द्र, आप सर्वत्र तत्-तत् द्रष्टान्तों के स्मरण का विवक्षित सारभूत अंश वस्तु की स्वरूप से अप्रच्युति हैं, ऐसा जानो, अविवक्षित कार्यभेदकृत विलक्षणता की कल्पना मत करो और कानों को अति प्रिय लगने वाले, अज्ञानरूपी अन्धकार का विनाश करने वाले, जिस उत्तम ज्ञान का मैं उपदेश दे रहा हूँ, उक्त प्रस्तुत ज्ञान को ही तुम सुनो।।7।।
भाव यह कि उक्त दृष्टान्त एक अंश में है, सब अंशों में नहीं। यहाँ पर सदेहमुक्ति की और विदेहमुक्ति की एकता उपमेय है, उनके सादृश्य के लिए कथित सस्पन्द और निःस्पन्द वायु की एकता उपमान है उसका विवक्षित सारभूत अंश उपमेय के सादृश्य को उल्लसित करने वाला केवली भाव है, परिस्पन्द के त्याग से केवल एक अंश से – ऐक्यसादृश्यरूप से – उपमेयको उपमा का विषय समझो। ऐसी अवस्था में सदेहमुक्त और विदेहमुक्त की सदा कल्याणकारिणी समता ही है। इस प्रकार अवान्तर सन्देह के निवृत्त होने पर प्रस्तुत कथा का अवसर दर्शाते हैं। श्री शुकदेव आदि शम, दम आदि साधनों से परिपूर्ण थे, अतएव उन्हें श्रवण का फल ज्ञान तदुपरान्त विदेहमुक्ति प्राप्त हुई, आधुनिक पुरुष उक्त साधनों का सम्पादन करने में समर्थ नहीं है, अतः उन्हें श्रवण का फल कैसे प्राप्त होगा ? ऐसी शंका होने पर संसार में ऐसा कोई पदार्थ नहीं है जो पुरुष के प्रयत्न से साध्य न हो, यह कहते हैं।
हे रघुनन्दन, इस संसार में भली भाँति निरन्तर किये गये प्रयत्न से सबको सदा सब पदार्थ मिल सकते हैं। जहाँ कहीं प्रयत्न में विफलता देखी जाती है, वहाँ पर निरन्तर प्रयत्न का अभाव ही कारण है। शास्त्रविहित शारीरिक, वाचिक और मानसिक कर्मों से होने वाली चित्तशुद्धि द्वारा जायमान ज्ञान की प्राप्ति होने पर हृदय में, चन्द्रमा के समान, काम, क्रोध आदि सन्ताप से शून्य जीवन्मुक्तिसुखमुद्रा उदित होती है। श्रुति भी कहती है-'स एको ब्रह्मणः आनन्दः। श्रोत्रियस्य चाकामहतस्य।' (कामनाशून्य ब्रह्म विद्वरिष्ठ का आनन्द और ब्रह्म का आनन्द एक ही है) और स्मृति भी है - 'यच्च कामसुखं लोके' (लोक में जो वैषयिक सुख है और जो महान् स्वर्गीय सुख है, वे दोनों तृष्णाक्षय से उत्पन्न परमानन्द की सोलहवीं कला को भी प्राप्त नहीं होते) उक्त सम्पूर्ण सुख पुरुषप्रयत्न से ही प्राप्त हो सकता है, अन्य से (दैव आदि से) नहीं, इसलिए पुरुष को प्रयत्न पर ही निर्भर रहना चाहिए।।8,9।।
भाग्य के प्रतिकूल होने पर पुरुषप्रयत्न व्यर्थ देखा जाता है और 'श्रेयांसि बहुविघ्नानि' ऐसा लोकप्रवाद भी है, अतः पुरुषप्रयत्न से फल की आशा करना दुराशा ही है, ऐसी शंका कर दैव का (भाग्य का) पौरुष में अन्तर्भाव और दुर्बलत्व के अभिप्राय से उसका खण्डन करते हैं।
क्रिया द्वारा दूसरे देश में पहुँचाता हुआ और तृप्ति कराता हुआ, गमन, भोजन आदि पुरुषप्रयत्न प्रत्यक्षतः क्रियारूप फलवाला देखा गया है। दैव को प्रत्यक्षतः किसी ने नहीं देखा। वस्तुतः वह कुछ है ही नहीं, अज्ञानमोहित मूढ़ पुरुषों की वह कोरी कपोलकल्पनामात्र है।।10।।
वह पौरुष (पुरुषप्रयत्न) क्या है, जिसकी आप इतनी बड़ी प्रशंसा करते हैं ? इस  प्रश्न पर कहते हैं।
शास्त्रज्ञ सज्जन पुरुषों द्वारा उपदिष्ट रीति से जो मानसिक, वाचिक और कायिक चेष्टा की जाती है, वही पौरुष है, वह सफल है, उससे भिन्न जो मन, वचन और शरीर की चेष्टा है वह उन्मत्त की चेष्टा है।।11।। जो मनुष्य जिस पदार्थ की अभिलाषा करता है, उसकी प्राप्ति के लिए भी यत्न करता है। यदि बीच में ही उसका त्याग न कर दे, तो वह क्रमशः उसको अवश्य प्राप्त करता है।।12।।
मूल में 'क्रमात्' पद कहीं पर विघ्नों द्वारा कार्य का विघात शास्त्रोक्त क्रम का त्याग करने से ही होता है, यह सूचित करने के लिए है। भाव यह कि सांगोपांग कर्म करने से अवश्य फलप्राप्ति होती है।
उक्त नियम को ही विविध दृष्टान्तों से दृढ़ करते हैं।
कोई एक प्राणी ही पुरुषप्रयत्न से तीनों लोकों के महा ऐश्वर्य से अतिरमणीय इन्द्रपदवी को प्राप्त हुआ है। कोई चिदुल्ला (चित् उत्कर्ष से उत्कृष्ट) (╬) प्राणी ही पौरुष प्रयत्न से कमलासन में स्थित होकर ब्रह्मा के पद को प्राप्त हुआ है।
╬ सत्वगुण की उत्कृष्टता से चैतन्य का उत्कर्ष होता है। ब्रह्माजी का सत्त्वगुण अन्यों की अपेक्षा उत्कृष्ट है, इसी कारण उनमें तन्मूलक चैतन्य भी सर्वोत्कृष्ट है। ब्रह्मा भी पूर्वकल्प में सामान्य जीव थे, तपस्या के बल से वे इस कल्प में ब्रह्मा हुए हैं।
सारभूत अपने पुरुषार्थ से ही कोई पुरुष गरूड़ध्वज होकर पुरुषोत्तमता को प्राप्त हुआ है। अपने पुरुषार्थ से ही, कोई देही, अर्धनारीश्वर बनकर चन्द्रशेखरता को प्राप्त हुआ है। पौरुष दो प्रकार का है, एक पूर्वजन्म का और दूसरा इस जन्म का। आधुनिक पुरुषार्थ द्वारा पूर्व जन्म का पुरुषार्थ शीघ्र तिरस्कार को प्राप्त होता है।।13-17।।
आधुनिक अल्प पुरुषार्थ अनेक करोड़ कल्पों से उपार्जित अनन्त प्राक्तन कर्मों पर विजय कैसे प्राप्त करता है ? इस पर कहते हैं।
निरन्तर प्रयत्न करने वाले, दृढ़ अभ्यासवाले एवं प्रज्ञा और उत्साह से युक्त पुरुष प्रलय में अधिकार रखने वाले देवताओं की पदवी को प्राप्त होकर महान् मेरू पर्वत तक को निगल जाते हैं, मटियामेट कर डालते हैं, प्राक्तन (पूर्व जन्म के) पौरुष की तो बात ही क्या है ? भाव यह कि यद्यपि प्राक्तन कर्म अनन्त हैं, फिर भी उनका मूल एक ही है उनके मूल का नाश करने से उन पर बड़ी आसानी से विजय प्राप्त की जा सकती है। श्रुति आदि से नियन्त्रित (श्रुत्यनुसारी) पुरुषार्थ का ही अवश्य सम्पादन करने वाली पुरुष की जो निरन्तर उद्योगशीलता है, वही अभीष्ट सिद्धि देने वाली होती है। शास्त्रविधि के प्रतिकूल पुरुषार्थ का उपार्जन करने वाली पुरुष की उद्योगशीलता अनर्थकारिणी होती है।।18,19।।
महाधनी, प्रबल और महामति लोगों को प्राप्त होने वाला पौरुष निर्धन, निर्बल और अल्पबुद्धिवाले लोगों को कैसे प्राप्त होगा ? ऐसी शंका पर उनको भी स्वशक्ति के अनुरूप निरन्तर पौरुष से इस जन्म में या जन्मान्तर में विपुल धन आदि सम्पत्ति से उक्त पौरुष शास्त्रीय प्रयत्न और शास्त्रीय प्रयत्न में ढिलाई करना-इन दोनों के फल में बड़ा अन्तर दिखलाते हैं।
पुरुष जब शास्त्रीय यत्न को शिथिल करता है, तब स्वाभाविक रागादि दोषों से असन्मार्ग में आसक्ति होने के कारण दारिद्रय, रोग, बन्धन आदि दुर्दशा में, जबकि अपने हाथ आदि भी अपने काबू में नहीं रहते, अंगुलियों को खूब तोड़ मरोड़कर बनाये गये चुल्लु के चुल्लूभर जल से मुँह में पड़े हुए एक बूँद जल को भी दुर्लभ होने के कारण अधिक समझता है, वही जब शास्त्रीय प्रयत्न में दृढ़ रहता है, तब धर्म के उत्कर्ष से प्रियव्रत महाराज के समान सात द्वीपों की एक छत्र आधिपत्य दशा में अवश्य पोषणीय पुत्र आदि के लिए यथायोग्य दायभाग का विभाग करने में समुद्र, पर्वत, नगर और द्वीपों से व्याप्त विशाल पृथ्वी को भी अधिक नहीं समझता।।20।।

चौथा वर्ग समाप्त
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ