मासिक साधना उपयोगी तिथियाँ

व्रत त्योहार और महत्वपूर्ण तिथियाँ

25 फरवरी - माघी पूर्णिमा
03 मार्च - रविवारी सप्तमी (शाम 06:19 से 04 मार्च सूर्योदय तक )
06 मार्च -
व्यतिपात योग (दोपहर 14:58 से 07 मार्च दिन 12:02 मिनट तक)
08 मार्च - विजया एकादशी (यह त्रि स्पृशा एकादशी है )
09 मार्च - शनि प्रदोष व्रत
10 मार्च - महा शिवरात्री (निशीथ काल मध्यरात्री 12:24 से 01:13 तक )
11 मार्च - सोमवती अमावस्या (
सूर्योदय से रात्री 1:23 तक )
11 मार्च - द्वापर युगादी तिथि
14 मार्च - षडशीति संक्रांति (पुण्यकाल शाम 4:58 से
सूर्योदय तक)
19 मार्च - होलाष्टक प्रारम्भ
20 मार्च - बुधवारी अष्टमी (
सूर्योदय से दोपहर 12:12 तक)
23 मार्च - आमलकी एकादशी
24 मार्च - प्रदोष व्रत
26 मार्च - होलिका दहन
27 मार्च - धुलेंडी , चैतन्य महाप्रभु जयंती
29 मार्च - संत तुकाराम द्वितीय
30 मार्च - छत्रपति शिवाजी जयन्ती

बुधवार, 5 अक्टूबर 2011

बिना मुहूर्त के मुहूर्त (पूज्य बापू जी के सत्संग से)

(विजयादशमीः 6 अक्तूबर 2011)
विजयादशमी का दिन बहुत महत्त्व का है और इस दिन सूर्यास्त के पूर्व से लेकर तारे निकलने तक का समय अर्थात् संध्या का समय बहुत उपयोगी है। रघु राजा ने इसी समय कुबेर पर चढ़ाई करने का संकेत कर दिया था कि 'सोने की मुहरों की वृष्टि करो या तो फिर युद्ध करो।' रामचन्द्रजी रावण के साथ युद्ध में इसी दिन विजयी हुए। ऐसे ही इस विजयादशमी के दिन अपने मन में जो रावण  के विचार हैं काम, क्रोध, लोभ, मोह, भय, शोक, चिंता – इन अंदर के शत्रुओं को जीतना है और रोग, अशांति जैसे बाहर के शत्रुओं पर भी विजय पानी है। दशहरा यह खबर देता है।
अपनी सीमा के पार जाकर औरंगजेब के दाँत खट्टे करने के लिए शिवाजी ने दशहरे का दिन चुना था – बिना मुहूर्त के मुहूर्त ! (विजयादशमी का पूरा दिन स्वयंसिद्ध मुहूर्त है अर्थात इस दिन कोई भी शुभ कर्म करने के लिए पंचांग-शुद्धि या शुभ मुहूर्त देखने की आवश्यकता नहीं रहती।) इसलिए दशहरे के दिन कोई भी वीरतापूर्ण काम करने वाला सफल होता है।
वरतंतु ऋषि का शिष्य कौत्स विद्याध्ययन समाप्त करके जब घर जाने लगा तो उसने अपने गुरुदेव से गुरूदक्षिणा के लिए निवेदन किया। तब गुरुदेव ने कहाः वत्स ! तुम्हारी सेवा ही मेरी गुरुदक्षिणा है। तुम्हारा कल्याण हो।'
परंतु कौत्स के बार-बार गुरुदक्षिणा के लिए आग्रह करते रहने पर ऋषि ने क्रुद्ध होकर कहाः 'तुम गुरूदक्षिणा देना ही चाहते हो तो चौदह करोड़ स्वर्णमुद्राएँ लाकर दो।"
अब गुरुजी ने आज्ञा की है। इतनी स्वर्णमुद्राएँ और तो कोई देगा नहीं, रघु राजा के पास गये। रघु राजा ने इसी दिन को चुना और कुबेर को कहाः "या तो स्वर्णमुद्राओं की बरसात करो या तो युद्ध के लिए तैयार हो जाओ।" कुबेर ने शमी वृक्ष पर स्वर्णमुद्राओं की वृष्टि की। रघु राजा ने वह धन ऋषिकुमार को दिया लेकिन ऋषिकुमार ने अपने पास नहीं रखा, ऋषि को दिया।
विजयादशमी के दिन शमी वृक्ष का पूजन किया जाता है और उसके पत्ते देकर एक-दूसरे को यह याद दिलाना होता है कि सुख बाँटने की चीज है और दुःख पैरों तले कुचलने की चीज है। धन-सम्पदा अकेले भोगने के लिए नहीं है। तेन त्यक्तेन भुंजीथा....। जो अकेले भोग करता है, धन-सम्पदा उसको ले डूबती है।
भोगवादी, दुनिया में विदेशी 'अपने लिए – अपने लिए....' करते हैं तो 'व्हील चेयर' पर और 'हार्ट अटैक' आदि कई बीमारियों से मरते हैं। अमेरिका में 58 प्रतिशत को सप्ताह में कभी-कभी अनिद्रा सताती है और 35 प्रतिशत को हर रोज अनिद्रा सताती है। भारत में अनिद्रा का प्रमाण 10 प्रतिशत भी नहीं है क्योंकि यहाँ सत्संग है और त्याग, परोपकार से जीने की कला है। यह भारत की महान संस्कृति का फल हमें मिल रहा है।
तो दशहरे की संध्या को भगवान को प्रीतिपूर्वक भजे और प्रार्थना करे कि 'हे भगवान ! जो चीज सबसे श्रेष्ठ है उसी में हमारी रूचि करना।' संकल्प करना कि'आज प्रतिज्ञा करते हैं कि हम ॐकार का जप करेंगे।'
'ॐ' का जप करने से देवदर्शन, लौकिक कामनाओं की पूर्ति, आध्यात्मिक चेतना में वृद्धि, साधक की ऊर्जा एवं क्षमता में वृद्धि और जीवन में दिव्यता तथा परमात्मा की प्राप्ति होती है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2011, पृष्ठ संख्या 9, अंक 225
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

मंगलवार, 4 अक्टूबर 2011

कार्तिक मास की महिमा


(कार्तिक मास व्रतः 12 अक्तूबर से 10 नवम्बर 2010)
सूतजी ने महर्षियों से कहाः पापनाशक कार्तिक मास का बहुत ही दिव्य प्रभाव बतलाया गया है। यह मास भगवान विष्णु को सदा ही प्रिय तथा भोग और मोक्षरूपी फल प्रदान करने वाला है।
हरिजागरणं प्रातः स्नानं तुलसिसेवनम्।
उद्यापनं दीपदानं व्रतान्येतानि कार्तिके।।
'रात्रि में भगवान विष्णु के समीप जागरण, प्रातःकाल स्नान करना, तुलसी के सेवा में संलग्न रहना, उद्यापन करना और दीप दान देना – ये कार्तिक मास के पाँच नियम हैं।'
पद्म पुराण, उ.खंडः 117.3
इन पाँचों नियमों का पालन करने से कार्तिक मास का व्रत करने वाला पुरुष व्रत के पूर्ण फल का भागी होता है। वह फल भोग और मोक्ष प्रदान करने वाला बताया गया है।
मुनिश्रेष्ठ शौनकजी ! पूर्वकाल में कार्तिकेय जी के पूछने पर महादेवजि ने कार्तिक व्रत और उसके माहात्म्य का वर्णन किया था, उसे आप सुनिये।
महादेव जी ने कहाः बेटा कार्तिकेय ! कार्तिक मास में प्रातः स्नान पापनाशक है। इस मास में जो मनुष्य दूसरे के अन्न का त्याग कर देता है, वह प्रतिदिन कृच्छ्रव्रत1 का फल प्राप्त करता है।
1 इसमें पहले दिन निराहार रहकर दूसरे दिन पंचगव्य पीकर उपवास किया जाता है।
कार्तिक में शहद के सेवन, काँसे के बर्तन में भोजन और मैथुन का विशेषरूप से परित्याग करना चाहिए।
चन्द्रमा और सूर्य के ग्रहणकाल में ब्राह्मणों को पृथ्वीदान करने से जिस फल की प्राप्ति होती है, वह फल कार्तिक में भूमि पर शयन करने वाले पुरुष को स्वतः प्राप्त हो जाता है।
कार्तिक मास में ब्राह्मण दम्पत्ति को भोजन कराकर उनका पूजन करें। अपनी क्षमता के अनुसार कम्बल, ओढ़ना-बिछौना एवं नाना प्रकार के रत्न व वस्त्रों का दान करें। जूते और छाते का भी दान करने का विधान है।
कार्तिक मास में जो मनुष्य प्रतिदिन पत्तल में भोजन करता है, वह 14 इन्द्रियों की आयुपर्यन्त कभी दुर्गति में नहीं पड़ता। उसे समस्त तीर्थों का फल प्राप्त हो जाता है तथा उसकी सम्पूर्ण कामनाएँ पूर्ण हो जाती हैं।
पद्म पुराण, उ.खंडः अध्याय 120
कार्तिक में तिल दान, नदी स्नान, सदा साधु पुरुषों का सेवन और पलाश-पत्र से बनी पत्तल में भोजन मोक्ष देने वाला है। कार्तिक मास में मौनव्रत का पालन, पलाश के पत्तों में भोजन, तिलमिश्रित जल से स्नान, निरंतर क्षमा का आश्रय और पृथ्वी पर शयन – इन नियमों का पालन करने वाला पुरुष युग युग के संचित पापों का नाश कर डालता है।
संसार में विशेषतः कलियुग में वे ही मनुष्य धन्य हैं, जो सदा पितरों के उद्धार के लिए भगवान श्री हरि का सेवन करते हैं। वे हरिभजन के प्रभाव से अपने पितरों का नरक से उद्धार कर देते हैं। यदि पितरों के उद्देश्य से दूध आदि के द्वारा भगवान विष्णु को स्नान कराया जाय तो पितर स्वर्ग में पहुँचकर कोटि कल्पों तक देवताओं के साथ निवास करते हैं।
जो मुख में, मस्तक पर तथा शरीर पर भगवान की प्रसादभूता तुलसी को प्रसन्नतापूर्वक धारण करता है, उसे कलियुग नहीं छूता।
कार्तिक मास में तुलसी का पूजन महान पुण्यदायी है। प्रयाग में स्नान करने से, काशी में मृत्यु होने से और वेदों का स्वाध्याय करने से जो फल प्राप्त होता है, वह सब तुलसी के पूजन से मिल जाता है।
जो द्वादशी को तुलसी दल व कार्तिक में आँवले का पत्ता तोड़ता है, वह अत्यन्त निंदित नरकों में पड़ता है। जो कार्तिक में आँवले की छाया में बैठकर भोजन करता है, उसका वर्ष भर का अन्न-संसर्गजनित दोष (जूठा या अशुद्ध भोजन करने से लगने वाला दोष) नष्ट हो जाता है।
कार्तिक मास में दीपदान का विशेष महत्त्व है। 'पुष्कर पुराण' में आता हैः
'जो मनुष्य कार्तिक मास में संध्या के समय भगवान श्रीहरि के नाम से तिल के तेल का दीप जलाता है, वह अतुल लक्ष्मी, रूप, सौभाग्य एवं सम्पत्ति को प्राप्त करता है।'
यदि चतुर्मास के चार महीनों तक चतुर्मास के शास्त्रोचित नियमों का पालन करना सम्भव न हो तो एक कार्तिक मास में ही सब नियमों का पालन करना चाहिए। जो ब्राह्मण सम्पूर्ण कार्तिक मास में काँस, मांस, क्षौर कर्म (हजामत), शहद, दुबारा भोजन और मैथुन छोड़ देता है, वह चतुर्मास के सभी नियमों के पालन का फल पाता है।
(स्कन्द पुराण, नागर खण्ड, उत्तरार्ध)

स्रोतः ऋषि प्रसाद, अक्तूबर 2010, पृष्ठ संख्या 9,10 अंक 214
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

सोमवार, 3 अक्टूबर 2011

वासना को हवा देते हैं ये स्थान..! रहें सावधान...


हिन्दू धर्मग्रंथो में जीवन में चार पुरुषार्थ का महत्व बताया गया है। ये हैं धर्म, अर्थ, काम व मोक्ष। इनमें काम या भोग्य विषय-वस्तु के पीछे सकारात्मक पक्ष सृजन और गति है। इसलिए काम को योग के समान संयम और अनुशासन से अपनाने पर यशस्वी और सफल बनाने वाला माना गया है। किंतु भोग के रूप में असंयमित काम अपयश व असफलता देने वाला बताया गया है।

वहीं पौराणिक मान्यताओं में काम के स्वामी कामदेव को माना गया है। जिसे जगत के सृजन चक्र और गति को नियत करने की कामना से भगवान शंकर के तप भंग के लिये देवताओं द्वारा तैयार किया गया। जिसके परिणामस्वरूप भगवान शंकर द्वारा कामदेव भस्म हुआ। तब कामदेव की पत्नी रति की विनती पर भगवान शंकर द्वारा कामदेव को भाव रूप में प्रकृति और जीवो में वास करने की गति नियत की गई।

मुद्गल पुराण में इसी से जुड़े प्रसंग के मुताबिक जब शंकर के कोप से कामदेव जलकर शापित हुआ तो शापमुक्त होने के लिए कामदेव द्वारा श्री गणेश के ज्ञान-ब्रह्म स्वरूप महोदर का तप किया गया। तब भगवान महोदर द्वारा शिव के शाप की काट को असंभव बताया गया। लेकिन प्रकृति और जीव जगत में रहने के लिये कामदेव के लिए स्थान नियत किया गया।

भगवान महादेव द्वारा कामना या वासनाओं के प्रतीक कामदेव के रहने के लिये जिन विशेष स्थानों को बताया गया, वे इस प्रकार हैं -

लिखा गया है कि -

यौवनं स्त्री च पुष्पाणि सुवासानि महामते:। 
गानं मधुरश्चैव मृदुलाण्डजशब्दक:।। 
उद्यानानि वसन्तश्च सुवासाश्चन्दनादय:। 
सङ्गो विषयसक्तानां नराणां गुह्यदर्शनम्।
वायुर्मद: सुवासश्र्च वस्त्राण्यपि नवानि वै। 
भूषणादिकमेवं ते देहा नाना कृता मया।।

इस श्लोक  के मुताबिक इन स्थानों पर कामदेव वास करते हैं यानी इनके संपर्क में कामनाएं जागती हैं। ये हैं -

यौवन या सौंदर्य, स्त्री, फूल, गाना, परागकण या फूलों का रस, पक्षियों की मीठी आवाज, सुंदर बाग-बगीचा, बसन्त ऋतु, चन्दन, वासनाओं में लिप्त मनुष्य की संगति, छुपे अंगों के दर्शन, सुहानी और मन्द हवा, रहने का सुन्दर स्थान, नए कपड़े और आभूषण। 

इस पौराणिक बात के पीछे व्यावहारिक जीवन के लिये संकेत भी है कि चूंकि कामनाओं की अति मन को भटकाती है, इसलिए इन स्थान विशेष के संपर्क में आने पर संयम और अनुशासन बनाए रख मन को कमजोर होने से बचाएं। अन्यथा जीवन पतन की ओर जा सकता है।

रविवार, 2 अक्टूबर 2011

भगवान तो हैं पर भाव चाहिए..... पूज्य बापूजी



पत्नी तकलीफ में हो और पति भागता हुआ न आये तो पति किस बात का ! सेवक कष्ट में हो, स्वामी भागता हुआ न आये तो स्वामी किस बात का ! ऐसे ही जीव दुःखी होकर पुकारता हो और भगवान अवतार न लें तो भगवान किस बात के ! यह भारतीय संस्कृति की महिमा है, गरिमा है। कभी कृष्णरूप में तो कभी रामरूप में, कभी प्रेरणा अवतार तो कभी अंतर्यामी अवतार, कभी आवेश अवतार तो कभी नरसिंह अवतार, कभी प्रवेश अवतार.... द्रौपदी की साड़ी में भी प्रविष्ट हो जाने वाली भगवदसत्ता ! हाथियों का बल रखने वाला दुःशासन साड़ी खींचता-खींचता थक गया, बोलता है कि 'नारी है कि सारी है !' न नारी है न साड़ी है, तेरे बाप का अवतार है !
ऐसे ही वृंदावन के नारायण स्वामी जी महाराज की एक शिष्या कुबड़ी थी। जैसे भागवत में कुब्जा का वर्णन आता है न ! पीठ में कूबड़ निकला हुआ और झुकी हुई कमर ! नारायण स्वामी की शिष्या भी ऐसी ही कुबड़ी थी। वह अमृतसर में रहती थी और हर साल वृंदावन में श्रीकृष्ण की लीला करवाती थी। उसमें कोई लड़का कृष्ण बने, कोई राधा बने, ऐसे ही कोई बलराम आदि बने। जो-जो पात्र होते सब उस-उस तरह की पोशाक पहनते, रासलीला करते। रासलीला में जो लड़का कृष्ण बना था, उसमें उसकी भावना आ गयी कि 'ये साक्षात् कृष्ण ही तो हैं। ये राधा जी हैं, ये बलराम हैं, ये गोपियाँ हैं, ये ग्वाल हैं।'
देखो, भगवान कब, किसके द्वारा कैसा अपना अदभुत प्रभाव प्रकट कर दें ! उस बाई को पता था कि पैसे देकर मैंने ही रासलीला करने के लिए मण्डली मँगवायी है और रासलीला-मण्डली में रास करने वाला कृष्ण पगारदार (वेतनभोगी) हैं। लेकिन उस कुबड़ी की ऐसी भावना हो गयी कि 'ये प्रभुजी हैं।' एक बार क्या सूझा उसको कि रास करने वाले कृष्ण से बोलीः "हे केशव ! हे कृष्ण ! कुब्जा को तो बिना कहे आपने पैर पर पैर रखकर ठोढ़ी को झटका मार दिया और वह कुब्जा ठीक हो गयी। मैं भी तो आपकी कुब्जा ही हूँ कृष्ण ! मेरे को भी ठीक कर दो।" जो लड़का कृष्ण बना था उसके अंतःकरण में ऐसा भाव आ गया कि पकड़ के उस कुब्जा को दे मारा ठूँसा और वह ठीक हो गयी। अच्छी तरह से चलने-फिरने लगी। उसका कूबड़ ठीक हो गया। इस बात को हजारों आदमी जानते हैं। कैसी है भगवदसत्ता ! कहाँ संकल्प करके कैसा संचार कर दे कहा नहीं जा सकता ! ऐसी और भी बड़ी अलौकिक वार्ताएँ, लीलाएँ मिलती हैं।
वह भगवान की सत्ता जहाँ-जहाँ छलकती है, वहाँ कैसा संचार हो जाता है ! फिर चाहे वह भगवदसत्ता श्रीकृष्ण में छलके, रामजी में छलके, बुद्ध में छलके, लीलाशाहजी बापू में छलके, तुम्हारे में-हमारे में छलके। जहाँ-जहाँ विशेषता दिखती है, वह परमात्मा की है। जहाँ-जहाँ निष्काम प्रेम, निःस्वार्थ आनंद है वह भगवान का ही है।
रामहि केवल प्रेम पिआरा। जानि लेउ जो जाननिहारा।।
भगवान जो रोम-रोम में रम रहे हैं, उनको केवल प्रेम प्यारा है। वे ही सबके सुहृद हैं, वे ही सबके अपने हैं। मैं भगवान का चिंतन करूँ तब भगवान आयेंगे, हम मरेंगे फिर भगवान के पास जायेंगे – यह वहम निकाल दो। भगवान मेरे हैं, आनन्दस्वरूप हैं, चैतन्यस्वरूप हैं, सदा है, सर्वत्र हैं, सभी देशों में हैं, सभी कालों में हैं, सभी परिस्थितियों में हैं। खम्भे तो बहुत हैं, प्रह्लाद की कमी है। वह तो प्रकट होने की बाट देखता रहता है।
तो तुम भी जीते-जीते जी भगवान के साथ अपने शाश्वत संबंध को जानकर जीवन्मुक्त होने की कला, भगवान को जब चाहे, जहाँ चाहे, जिस रूप में चाहे प्रकट करने की कला किन्हीं महापुरुष से सीख लो तो तुम्हारा तो कल्याण हो ही जायेगा, जो लोग तुम्हारी महिमा का गान करेंगे उनका भी हृदय भगवदरस से सराबोर हो जायेगा, भगवान की सर्वव्यापकता, सुहृदता के ज्ञान से भर जायेगा।

स्रोतः लोक कल्याण सेतु, अगस्त 2011, पृष्ठ संख्या 2, अंक 170
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ

शनिवार, 1 अक्टूबर 2011

अहंकार और प्रेम.... पूज्य बापू जी की पावन अमृतवाणी



जो जगत से सुखी होना चाहता है वह अकड़ने का मजा लोग - 'मेरे पास इतनी गाड़ियाँ हैं, इतनी मोटरें हैं, इतना अधिकार है, और अधिकार हथिआऊँ....' यह रावण का रास्ता है और गुरु के प्रसाद से जो तृप्त हुए हैं, उनका राम जी का रास्ता है। सब कुछ देकर नंगे पैर जंगलों में घूमते हैं फिर भी राम जी संतुष्ट हैं, प्रसन्न हैं और रावण के पास सब कुछ है फिर भी असंतुष्ट है, अप्रसन्न है। अपनी पत्नी और लंका की सुंदरियाँ मिलने पर भी अहंकार चाहता है कि इतनी सुंदर सीता को लंका की शोभा बढ़ाने को ले आऊँ। अहंकार ले-ले के, बड़ा बनकर सुखी होना चाहता है और प्रेम दे-देकर अपने-आप में पूर्णता का एहसास करता है।
अहंकार क्रोध में, लोभ में, विकारों में बरसकर, दूसरों को परिताप पहुँचाकर सुखी होना चाहता है लेकिन प्रेम अपनी मधुमय शीतलता से बरसते हुए दूसरों के दुःख, रोग, शोक हरकर उनकी शीतलता में अपनी शीतलता का एहसास करता है। अहंकार की छाया ऐसी है कि अहंकार छायामात्र शरीर को 'मैं' मानेगा और अपने आत्मा को 'मैं' रूप में न सुनेगा, न मानेगा, न जानेगा। जबकि प्रेम शरीर को क्षणभंगुर जानता है व मन परिवर्तनशील, तन परिवर्तनशील, चित्त परिवर्तनशील.... उन सबका साक्षी जो है अपरिवर्तनशील, उस अपने आत्मदेव को 'मैं' मानता है, जानता है।
जो सबका साक्षी है, उसमें तृप्त होने का यत्न करता है तो जिज्ञासु है। तृप्त हो गया तो व्यासजी है, कृष्णजी है, रामजी है, नारायणस्वरूप है। अहंकार तोड़ता है और महापुरुष जोड़ते हैं। अहंकार अपनी छाया से हमें विक्षिप्त और वासनावान करता है लेकिन प्रेम अपनी प्रभा से हमें विकसित, संतुष्ट, तृप्त, दानी और निरभिमानी करता है। अहंकार संग्रह से संतुष्ट होता है और प्रेम बाँटकर तृप्त होता है।
अहंकार बाह्य शक्ति, सामग्री से बड़ा होना चाहता है और प्रेम परमात्म-प्रीति से पूरे बड़प्पन में अपने 'मैं' को मिलाने में राजी रहता है। तरंग कितनी भी बड़ी बने फिर भी सागर नहीं हो सकती है लेकिन छोटी-सी तरंग अपने को पानी माने तो सागर तो वह खुद ही है। ऐसे ही यह जीव शरीर को 'मैं' मानकर, कुछ पा के जो बड़ा बनता है, ये उसके बड़प्पन के ख्वाब रावण की दिशा के हैं। एम.बी.ए. पढ़े हुए बच्चों को सिखाया जाता है कि गंजे आदमी को कंघी बेचनी है और नंगे लोगों को कपड़े धोने का साबुन बेचना है। चाहे उनको काम आये या न आये, उनसे पैसे बनाओ। साधन इकट्ठे करो और सुखी रहो। जो भी ऐसा रास्ता लेते हैं, वे खुद परेशान रहते हैं और दूसरों का शोषण करते हैं लेकिन जो शबरी का, मीरा का, रैदासजी का, राजा जनक का रास्ता लेते हैं वे खुद भी तृप्त होते हैं, दूसरों को भी तृप्त करते हैं।
स तृप्तो भवति। सः अमृतो भवति।
स तरति लोकांस्तारयति।
अहंकार लेने का अवसर खोजता है और प्रेम देने का अवसर खोजता है। चाहे निगाहों से पोसे, वाणी से पोसे, हरड़ रसायन से पोसे, पंचगव्य से पोसे अथवा हरि ॐ करके, प्रणाम करके पोसे, नम्रता के गुण देकर उनकी उन्नति करे.... प्रेम अवसर खोजता रहता है कि मेरे सम्पर्क में आने वाले पोषित हों। मेरे शिष्य जायेंगे, भण्डारा करेंगे, सेवाएँ करेंगे। सरकार का एक करोड़ निकलता है तो लोगों तक कितने पहुँचते होंगे भगवान जाने..... लेकिन हमारे यहाँ से एक करोड़ निकलता है तो लोगों तक तीन करोड़ होकर पहुँचता है। हमारे यहाँ से एक रूपया निकलता है तो शिष्यों द्वारा उसमें और सहयोग मिलता है। कोई सर्विस चार्ज नहीं, कोई हड़प चार्ज नहीं क्योंकि जो प्रेमी गुरु के प्यारे हैं, वे पहुँचाने में अपना भी सहयोग कर देते हैं। अहंकारी सबसे आगे और विशेष होने में मानता है और प्रेमी सबके पीछे रहकर, सेवा खोज के, मिटकर अमिट को पाने में सफल हो जाता है। राजा चतुरसिंह के उदयपुर राज्य में सत्संग होता था। वे संत-महात्मा के चरणों में जाते, पीछे बैठ जाते।
प्रेम गली अति साँकरी, ता में दो न समाहिं।
अहंकार और प्रेम..... एक म्यान में दो तलवारें नहीं रहतीं। अहंकार सब कुछ पा के, कुछ बनकर सुखी होने की भ्रान्ति में टकराते-टकराते हार जाता है, थक जाता है और प्रेम सब कुछ देते-देते अपने पूर्ण स्वभाव को जागृत कर लेता है।
ब्राह्मी स्थिति प्राप्त कर, कार्य रहे न शेष।
मोह कभी न ठग सके, इच्छा नहीं लवलेश।।
जो संसार में सुखी होना चाहता है, वह बड़े दुःख को बुलाता है। संसार दुःखालय है। संसार की सुविधा पाकर जो सुखी रहना चाहता है, वह किसी-न-किसी से धोखा, शोषण और कई वस्तुओं की पराधीनता करेगा और जो संसार की सेवा खोजकर निर्वासनिक होता है, उसका प्रेम-स्वभाव स्वतः जागृत होता है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद, सितम्बर 2011, पृष्ठ संख्या 4,5 अंक 225
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
print